तस्करों पर ऐसी कार्रवाई करेंगे कि देखकर लोग कांप जाएंगे : मोदी

Share:-

जाडन में प्रधानमंत्री ने कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला, कहा- भाजपा सरकार आई तो पेट्रोल-डीजल की कीमतों की होगी समीक्षा

पाली/जोधपुर, 20 नवंबर : पाली के जाडन में सभा को संबोधित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि राजस्थान में महिला अत्याचार बढ़ा है और यहां के मुख्यमंत्री सर्टिफिकेट देते हैं कि वे फर्जी शिकायत दर्ज करवाती हैं। यह महिलाओं का अपमान है। नशे की तस्करी को कांग्रेस बढ़ावा दे रही है। हम तस्करों पर ऐसी कार्रवाई करेंगे कि लोग देखकर कांप जाएंगे।
मोदी ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने आपके मोबाइल का बिल भी कम कर दिया है। डेटा की 2014 से पहले की कीमत होती तो आज आप जितना डेटा खर्च कर रहे हैं तो आपको एक मोबाइल पर कम से कम 5 हजार रुपए अधिक खर्च करने पड़ते। एक परिवार में कम से कम 4 मोबाइल होते हैं, मोदी ने यह खर्चा बचाया है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में जो हुआ सबने देखा। मौत मंडरा रही थी, लेकिन मैं सोता नहीं था। मैंने तय किया था कि 80 करोड़ देशवासियों के घर का चूल्हा बुझने नहीं दूंगा। गरीब को भूखा सोने नहीं दूंगा। मां की आंख में आंसू आने नहीं दूंगा। देशवासियों ने जो टैक्स दिया, उसे हमने पास नहीं रखा बल्कि गरीबों की थाली के लिए दे दिया। मोदी ने कहा कि अब तो कांग्रेस नशे के तस्करों को बढ़ावा दे रही है। ड्रोन से नशा आए और राजस्थान सरकार सोती रहे। पुलिस की भी पांचों उंगली घी में हो गई है। नशा हमारे बच्चों को ही नहीं, हमारे भविष्य को भी तबाह कर देगा। एक-एक परिवार को बर्बाद कर देगा। मैं भरोसा देता हूं, यहां भाजपा सरकार बनते ही नशे के तस्करों पर ऐसी कार्रवाई होगी कि इसे सुनकर-देखकर और लोग भी कांप जाएंगे।
कांग्रेस ने राजस्थान को पीछे धकेला :
मोदी ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस के लिए भ्रष्टाचार से बड़ा कुछ नहीं है। कांग्रेस के लिए परिवारवाद ही सब कुछ है। उसके पास तुष्टीकरण के अलावा कुछ नहीं है। दंगाईयों और आतंकियों के हौसले बुलंद हो गए। ऐसी विकृत वाली मानसिकता वाली कांग्रेस को अच्छे से सबक सिखाना जरूरी है। कांग्रेस और उसके घमंडिया गठबंधन की यह पहली हरकत नहीं है। सनातन को लेकर उन्होंने क्या-क्या कहा, यह सबने देखा है। कांग्रेस और उसके साथी सनातन को खत्म करने का ऐलान कर रहे हैं। सनातन को खत्म करने का मतलब है, राजस्थान की संस्कृति को खत्म करना।
कांग्रेस दलितों को निशाना बना रही :
मोदी ने कहा कि महिलाओं और दलितों को लेकर कांग्रेस और इनके गठबंधन के नेता कैसी-कैसी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। बिहार के नेता ने पूर्व मुख्यमंत्री अति पिछड़े दलित परिवार से आते हैं, इसलिए उनकी बेज्जति करने में उन्हें आनंद आता है। उन्होंने पाप किया, लेकिन कांग्रेस ने इसे गलत बताने का विवेक नहीं दिखाया। राजस्थान में दलित परिवारों पर अत्याचार पर कांग्रेस ने यही किया है। जब से महिला आरक्षण विधेयक पास हुआ है, तब से घमंडिया गठबंधन ने महिलाओं के विरूद्ध अभियान छेड़ दिया है। बिहार के मुख्यमंत्री ने विधानसभा में अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया, लेकिन मजाल है कि कांग्रेस के किसी नेता ने आवाज उठाई हो। यही कांग्रेस का असली चेहरा है। महिला विरोधी कांग्रेस कभी महिलाओं का कल्याण नहीं कर सकती। कांग्रेस ने राजस्थान को महिलाओं के खिलाफ अपराध में नंबर वन बना दिया है। यहां सीएम कहते हैं कि राजस्थान की बहनो-बेटियों ने पुलिस थाने में फर्जी शिकायत दर्ज कराई है। कोई मां-बहन हमारे देश में ऐसा नहीं कर सकतीं। वो कभी झूठ बोलने का नहीं सोचती, इसमें कुछ तो सच होगा। मुख्यमंत्री सर्टिफिकेट देते हैं कि महिलाएं फर्जी शिकायत लिखवा देती हैं। महिलाओं का अपमान करने वाले मंत्री को कांग्रेस ने टिकट दी। कांग्रेस के जादूगर की बात दिल्ली में बैठे बाजीगर भी मानने लगे हैं। मोदी ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार महंगा पेट्रोल बेचकर कट की कंपनी चलाती है। मैं गारंटी देता हूं कि 3 दिसंबर के बाद भाजपा सरकार बनेगी तो पेट्रोल-डीजल के रेट की समीक्षा की जाएगी। गरीब, मध्यमवर्ग के लोगों के हित में निर्णय लिया जाएगा। पड़ोसी राज्यों में भाजपा सरकारें सस्ती दरों पर पेट्रोल बेच रही हैं। राजस्थान में 12 से 13 रुपए लीटर ज्यादा वसूल रही है, ये माल किसके लिए चोरी कर रहे हैं जादूगर। जब भी पेट्रोल भराएं तो याद रखें कि इसमें कांग्रेस की लूट का भी हिस्सा है। राजस्थान में पूरी कोशिश के बाद भी राजस्थान में अब तक 20 लाख घर बना पाए हैं। इनकी संख्या और ज्यादा हो सकती थी। गरीब विरोधी मानसिकता कांग्रेस की है। राजस्थान में हर घर तक नल से जल पहुंचाने के काम में भी कांग्रेस ने लूटने का काम किया। आधी आबादी तक पानी नहीं पहुंचा। माता-बहनों से उनकी क्या दुश्मनी है, समझ नहीं आ रहा। न उन्होंने काम किया, न होने दिया। मैं दिल्ली से पाइप-नल के लिए पानी भेजता हूं, यहां कांग्रेसी कागज पर नल लगाते हैं और पैसे डकार जाते हैं। पानी के लिए कांग्रेस से मुक्ति पानी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *