कांग्रेस सरकार दलित व सनातन विरोधी: शेखावत

Share:-

पोकरण में भाजपा प्रत्याशी प्रतापपुरी की नामांकन रैली में केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री ने भरी हुंकार

जोधपुर/पोकरण। केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने बुधवार को भाजपा प्रत्याशी महंत प्रतापपुरी की नामांकन रैली में पहुंच कर कांग्रेस सरकार के खिलाफ हुंकार भरी। उन्होंने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार दलित विरोधी, सनातन विरोधी है। इस सरकार मेें महिलाओं पर अत्याचार बढ़ा है। इस कुराज की सरकार को राजस्थान से हटाकर ही दम लेना है। रैली को केंद्रीय विधि मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, राष्ट्रीय सचिव विजया राहटकर सहित अनेक भाजपा नेताओं ने सम्बोधित किया।
शेखावत ने कहा कि राजस्थान की पहचान महिलाओं के त्याग, मीरा की भक्ति और कर्माबाई के खीचड़ें से थी लेकिन कांग्रेस सरकार ने इसे बलात्कार की राजधानी बना दिया। सरकार की उदासीनता के चलते पिछले पांच साल में दो लाख महिलाओं से दुराचार की घटनाएं हुई हैं। हमें इन चुनावों में इस महिला अत्याचार का बदला लेना है। यह बदला तलवार से नहीं वोट से लेना है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार दलित विरोधी है। इसने दलित समुदाय की जड़ें उखाडऩे का काम किया। पिछले दिनों जयपुर में मामूली सी रोडरेज की घटना में एक वर्ग विशेष के युवक के परिजनों को तुरंत 50 लाख रुपए दे दिए गए, जबकि दलित समुदाय के एक परिवार के दो बच्चों की मृत्यु हुई। उस परिवार के लोग सात दिन तक सडक़ पर बैठे रहे, लेकिन उन्हें फूटी कौड़ी तक नहीं दी गई। आखिरकार समाज के लोग आगे आए और उस परिवार को एक करोड़ की मदद दी गई।
सनातन विरोधी का लगाया आरोप
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि यह चुनाव न केवल राजस्थान के लिए, बल्कि देश के लिए भी महत्वपूर्ण है। हमारे भारत पर अनेक ताकतों ने हमले किए। भारत की बौद्धिकता और वैभव से आकर्षित होकर सनातन पर हमला किया, लेकिन हमारे पूर्वजों ने उन्हें वापस कर दिया। कई आक्रांता आए और सनातन को मिटाने का संकल्प किया। यह सरकार भी सनातन विरोधी है और हम सब जानते हैं कि जो सनातन पर प्रहार करेगा, वह इस राज्य में राज नहीं कर सकता। पोखरण में भगवा का अपमान हुआ। इसका बदला लेना है। यह संकल्प कर रहे हैं। नामांकन की सभा उस संकल्प की शुरुआत है।
वोट के माध्यम से देना है धन्यवाद
केन्द्र की मोदी सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने हमें प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से घर बनवाकर दिए। जल जीवन मिशन के माध्यम से दस करोड़ कनेक्शन दिए। करोड़ों लोगों के घरों में बिजली पहुंचाई। महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने के लिए रसोई गैस का चूल्हा पहुंचाया। घरों मेें शौचालय बनाए। जिस राम मंदिर के निर्माण का पीढिय़ों से इंतजार हो रहा था। वह सपना भी जल्दी ही साकार होने वाला है। इसलिए यह समय वोट के माध्यम से मोदीजी का अभिनंदन करने और उन्हें धन्यवाद देने का है।
सरकारी योजनाओं में होता है भेदभाव
शेखावत ने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार केन्द्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन में भेदभाव करती है। जल जीवन मिशन में पाइप लाइन डालने के काम में भी राजनीतीकरण हो रहा है। सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भेदभाव इसका बदला लेना है। अब इस भेदभाव का हिसाब बराबर करना है। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में यह देश आगे बढ़ रहा है, लेकिन राजस्थान पिछड़ रहा है। अब इस कुराज की सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लेना है। यह काम पोकरण से होना चाहिए। अगामी 25 नवंबर को कमल का फूल खिलाना है। पिछली बार जो कुछ मतों की कमी रह गई थी, वो इस बार नहीं रहना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *