जोधपुर। रहमतों और बरकतों का महीना माह ए रमजान शुक्रवार से शुरू होगा। शुक्रवार को पहला रोजा रखा जाएगा। रमजान को लेकर मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में रौनक दिखाई देने लग गई है। लोगों ने ख्ररीदारी भी शुरू कर दी है।
रूयत-ए-हिलाल चांद कमेटी के अध्यक्ष काजी मोहम्मद तय्यब अंसारी और मुफ्ती-ए-राजस्थान मौलाना शेर मोहम्मद खान रिजवी ने संयुक्त रूप से बताया कि बुधवार की शाम रमजान का चांद नजर नहीं आ सका जिसके आधार पर खैरो बरकत के पाक महीने रमजानुल मुबारक का पहला रोजा शुक्रवार को होगा। शुक्रवार को पहले रोजे का वक्त जोधपुर शहर में खत्म सेहरी 5.15 बजे सुबह और इफ्तार 6.54 बजे रहेगा और शनिवार दूसरे रोजे को खत्म सेहरी का वक्त 5.14 बजे दारुल उलूम इस्हाकिया के अनुसार रहेगा।
उन्होंने सभी को रमजान की मुबाकरबाद पेश करते हुए आम लोगों से यह अपील की है कि इस पाक महीने में ज्यादा से ज्यादा नमाज, नफिल नमाज, कुरआन की तिलावत में वक्त गुजारें और मुल्क व शहर में अम्नों अमान की दुआ भी करें। उन्होंने आमजन से अपील की है कि गर्मी को मौसम शुरू हो चुका है इसलिए रमजान में थोड़ा एहतियात बरतें और मस्जिदों का अदब करें, वहां बेवजह न ठहरें, केवल इबादत के लिए रूकें।
बता दे कि रमजान महीना मुस्लिम धर्मावलंबियों के लिए पवित्र होता है। एक माह तक समाज के लोग रोजे रखते हैं। रोजे की शुरुआत सुबह सूरज निकलने से पहले अजान के साथ होती है। इस समय सेहरी होती है। इस्लामिक मान्यताओं के अनुसार रमजान माह में सूर्योदय से पहले भोजन किया जाता है। शाम को इफ्तार कर रोजा खोला जाता है। रमजान का पहला हिस्सा माह के 1 से 10 दिन का रहमत, दूसरा हिस्सा 11 से 20 दिन का मगफिरत और 21 से 30 दिन का हिस्सा दोजख से आजादी से का है।
2023-03-23