शादी की सालगिरह पर महेश जोशी गिरफ्तार:सुबह 4:30 बजे ACB पूर्व मंत्री के घर पहुंची; बोले- सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं
भष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने पूर्व मंत्री महेश जोशी को जयपुर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया है।
जल जीवन मिशन (JJM) में हुए करीब 900 करोड़ रुपए के घोटाले में एसीबी की SIT ने यह कार्रवाई की है। आज ही जोशी की शादी की सालगिरह भी है। DIG डॉ. रामेश्वर सिंह ने बताया- ACB SIT सुबह करीब साढ़े चार बजे सैन कॉलोनी, पावर हाउस रोड, जयपुर रेलवे स्टेशन के पास पहुंच गई थी। यहां महेश जोशी को उनके आवास से पकड़ा गया।सुबह करीब 10 बजे जयपुरिया हॉस्पिटल में मेडिकल कराया गया। मेडिकल टेस्ट के बाद महेश जोशी को एक बार फिर ACB मुख्यालय लाया गया। इसके बाद दोपहर करीब 12:30 बजे उन्हें एसीबी कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने महेश जोशी को 5 दिन के रिमांड पर भेज दिया है।
उधर, जोशी ने कहा- मैं निर्दोष हूं, मेरी कोई गलती नहीं। सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं। यदि मैं खुद को निर्दोष साबित नहीं कर सका तो कुछ ऐसा करूंगा कि किसी को मुझसे कोई शिकायत नहीं होगी।
पूर्व मंत्री महेश जोशी को विशेष न्यायालय भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम क्रम-1 जयपुर (राजस्थान) कमरा नंबर 406 में पेश किया गया है।

