कांग्रेस की नीयत के चलते पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल: नड्डा

Share:-

भाजपा अध्यक्ष ने उदयपुर में निकाला रोड शो

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने उदयपुर में निकाला रोड शो तथा सभा को किया संबोधित

उदयपुर, 20 नवम्बर(ब्यूरो):भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस की नीति में ही खोट है। कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण प्रदेश में अराजकता का माहौल बन गया है। प्रदेश में कांग्रेस ने हर मामले को तुष्टिकरण की नीति के चश्मे से देखा है जिससे आम जनता में भय का माहौल बन गया है।
भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने सोमवार शाम उदयपुर में रोड शो निकालने के बाद हाथीपोल में जनसभा को संबोधित किया। भाजपा अध्यक्ष का कहना था कि कांग्रेस की सरकार की नीयति में खोट है, इसी कारण हर मामले को तुष्टीकरण के चश्मे से देखते हुए कार्य करती है। प्रदेश की कांग्रेस व गहलोत सरकार ने दोहरा मापदंड अपनाकर आम जनता को छला है। कांग्रेस के शासन में त्याग, तपस्या व वीरों की भूमि पर संतों व आध्यात्मिक गुरुओं को प्रताड़ित किया है। कांग्रेस के राज में राजस्थान की आन, बान व शान की प्रतीक पगड़ी को ठोकरें लगाई है। जो राजस्थान त्यागी, तपस्वी व वीरों की पहचान थी उस पहचान को मिटाने का कांग्रेस ने प्रयास किया है, 25 नवंबर को प्रदेश की जनता कांग्रेस का ही नामोनिशान मिटा देगी।
कांग्रेस राज में हुई सर तन से जुदा की घटना
भाजपा अध्यक्ष कन्हैयालाल हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कांग्रेस के राज में उदयपुर में सर तन से जुदा की घटना हुई। यह घटना भुलाई नहीं जा सकती। गहलोत सरकार की तुष्टिकरण की पराकाष्ठा की वजह से यह घटना हुई। जिन आतंकियों पर रोक लगानी चाहिए थी, उन्हें स्वतंत्रता दी गई जबकि रामनवमी के जुलूस व कावड़ यात्रा रोकी गई। 300 वर्ष पुराने शिव मंदिर को ढहाया गया। संतों की निर्मम हत्याएं हुई। मंदिरों व देवस्थानों का अपमान किया गया। धार्मिक यात्राओं पर रोक लगाते हुए मात्र तुष्टिकरण की नीति अपनाई। कांग्रेस ने आम जनता के मान, सम्मान व मर्यादा को ठेस पहुंचाई है जिसका जवाब प्रदेश की जनता विधानसभा के चुनाव में करारे ढंग से देगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार साढ़े चार वर्ष तक मात्र खुद की कुर्सी को बचाने के लिए लगी रही। प्रदेश में विभिन्न परीक्षाओं के 19 पेपर लीक हुए जिसके कारण प्रदेश के लाखों युवाओं के साथ अन्याय हुआ है। 25 नवंबर को प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार का दूध का दूध व पानी का पानी करके अच्छा न्याय करके दिखाएगी।
जनसभा को संबोधित करने से पहले भाजपा अध्यक्ष ने उदयपुर में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो निकाला। उनके साथ रथ में उदयपुर शहर प्रत्याशी ताराचंद जैन तथा उदयपुर ग्रामीण प्रत्याशी फूल सिंह मीणा के अलावा उदयपुर शहर जिलाध्यक्ष रविन्द्र श्रीमाली तथा उदयपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष भंवर सिंह शामिल थे। शहर के टाउनहॉल से निकाला गया रोड शो मुख्य बाजारों से होता हुआ हाथीपोल पहुंचा, जहां जनसभा में तब्दील हो गया। रोड शो के दौरान भाजपा कार्यकर्ता तथा भाजपा महिला मोर्चा की सदस्याएं ड्रेस कोड में थी तथा एक जैसी वेशभूषा और भगवा रंग के साफे पहने थे। रोड शो की खास बात यह रही कि इस दौरान कार्यकर्ताओं ने फूलों की जमकर बारिश की। रैली के पीछे सफाईकर्मी सड़कों को साफ करते हुए चल रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *