राजस्थान कांग्रेस प्रभारी बोले- मोदी खत्म हुआ तो देश बचेगा

Share:-

कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उद्योगपति गौतम अडाणी पर निशाना साधते हुए उनकी तुलना ईस्ट इंडिया कंपनी से कर दी। रंधावा ने पीएम मोदी पर कई बड़े आरोप लगाए। उन्होंने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि कहीं चुनाव लड़ने के लिए मोदी ने पुलवामा कांड तो नहीं करवाया? वहीं, नरेंद्र मोदी को बेईमान भी कह डाला।

रंधावा ने कहा- हमारी लड़ाई अडाणी के साथ नहीं, बीजेपी के साथ है। बीजेपी को मारो। अडाणी-अंबानी साथ ही मर जाएंगे। जब कांग्रेस आए तो अडाणी-अंबानी नहीं आने चाहिए। इन्हें जेल जाना चाहिए। हमारे कई लीडर इन्हें साथ लेकर नहीं चल पड़े। यह ध्यान रखना होगा।

रंधावा के मोदी पर 5 बड़े आरोप

1. कहीं चुनाव लड़ने के लिए तो पुलवामा नहीं करवा दिया
मोदी कहते हैं कि पाकिस्तान को घुसकर मारेंगे। पहले यह तो बताइए, पुलवामा कैसे हो गया। इसकी जांच करवाओ। कहीं, चुनाव लड़ने को तो ऐसा नहीं करवा​ दिया। आज तक पुलवामा का पता नहीं चला। गौतलब है कि 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में आतंकवादियाें ने सीआरपीएफ के जवानों पर हमला किया था, जिसमें 40 जवान शहीद हो गए थे। इसके बाद भारत में एयर स्ट्राइक कर पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया था।

2. मोदी खत्म हो गया तो देश बच जाएगा
रंधावा ने कहा- सभी नेताओं से कहता हूं कि अपनी लड़ाई खत्म करें। मोदी-बीजेपी को खत्म करने की बात करिए। अगर मोदी खत्म हो गया तो देश बच जाएगा। अगर मोदी रहा तो देश बर्बाद हो जाएगा। मोदी देशभक्ति की बात करते हैं। उन्हें पता ही नहीं कि देशभक्ति होती क्या है?

3. मोदी जैसे बेईमान आदमी को देश दे दिया
आजादी की लड़ाई में जेलो में जाने वाले सब कांग्रेसी परिवार हैं। कांग्रेस परिवारों की पांच-पांच पीढ़ियां देश के लिए जेल गई हैं। अंडमान की सेल्युलर जेल में हर कांग्रेसी का खून है। मोदी कहते है ​कि कांग्रेस ने क्या किया है। कांग्रेस ने देश को आजाद करवाया है, तेरे जैसे बेईमान आदमी को देश दे दिया।

4. अडाणी को ईस्ट इंडिया कंपनी बनाकर लाए हैं
रंधावा ने कहा- अंग्रेज जब आए थे तो वे ईस्ट इंडिया कंपनी को व्यापार करने लाए थे। मोदीजी ने अडाणी जैसे आदमी को ईस्ट इंडिया कंपनी बनाकर लाए हैं। 200 साल ईस्ट इंडिया कंपनी ने देश को लूटा, पूरे देश पर कब्जा कर लिया। यह देश का सत्यानाश करेगा। देश दोबारा गुलामी की तरफ बढ़ रहा है। देश में मोदी नहीं अडाणी तय कर रहा है कि क्या होना है?

5. बीजेपी को मार लो, अडाणी अपने आप खत्म हो जाएगा
रंधावा ने कहा- अनुशासनहीनता इतनी है कि आज अडाणी की बात कर लो, पहले यह कर लूं। जिस दिन अनुशासन आ गया तो हम अडाणी को एक दिन में देश निकाल देंगे। पहले मोदी को निकालो, मोदी निकल गया तो अडाणी अपने आप खत्म हो जाएगा। पहले बीजेपी को मार लो, अडाणी अपने आप खत्म हो जाएगा। नरेंद्र मोदी देश का बेड़ा गर्क कर रहा है, देश बेच रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *