उदयपुर में खत्म करना है भाजपा का 20 साल का कुशासन-प्रो गौरव

Share:-


उदयपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं उदयपुर शहर सीट से प्रत्याशी प्रो गौरव वल्लभ ने कहा कि उदयपुर में भाजपा के 20 साल का कुशासन खत्म करना है। जिस तरह से उदयपुर के आयड़ के विकास के नाम पर गुमराह किया जा रहा है उससे स्पष्ट है कि उनकी नीति और नियम क्या है।

वे कांग्रेस की ओर से उदयपुर शहर सीट पर प्रत्याशी घोषित होने के बाद उदयपुर पहुंचने पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। प्रो गौरव ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके पास न तो नेता है न ही नीति के साथ कोई नेतृत्व। उन्हें यह भी नहीं पता कि उन्हे किनके नेतृत्व में चुनाव लड़ना है। प्रो गौरव ने उन्हे प्रत्याशी बनाए जाने के विरोध के सवाल पर कहा कि विरोध दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने उल्टे सवाल किया कि कार्यकर्ताओं का जुलूस नहीं दिख रहा है क्या? एयरपोर्ट से बोहरागणेश मंदिर तक भव्य स्वागत से साबित होता है कि कोई विरोध नहीं है। एयरपोर्ट से यहां तक आने में चार घंटे लगे। उन्होंने कहा कि जो विरोध हो रहा है वह भाजपा वाले कर रहे हैं। भाजपा के पास न नेता है न नीति। उन्हें यह नहीं पता कि उनका नेतृत्व कौन कर रहा है। हमने सात गारंटी दी है। पांच सौ रुपए में सिलेण्डर कोई नहीं रोक सकता। कोई कंपनियां अपने कर्मचारी का 25 लाख का हेल्थ इंश्योरेंस नहीं देती।

यह कांग्रेस ने दिया है। प्रो गौरव ने कहा कि वे अपना टाइम बाउंड घोषणा पत्र बताएंगे जिसमें वे कब क्या करेंगें पूरा उल्लेख होगा। इसमें एक भी दिन की चूक हो तो उदयपुर के लोग मुझे उत्तरदायी मान सकते हैं। उन्होंने कहा कि यहां रोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे। महिला को सम्मान देंगे। व्यापारी को उसका ड्यूट दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हूं। तभी उदयपुर का विकास संभव होगा। उदयपुर को प्रकृति ने वरदान दिया है लेकिन स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कुशासन चलाया है। उदयपुर दुनिया का सबसे खूबसूतर शहर है लेकिन स्वच्छता रैंकिंग में उदयपुर देश में 122वें नंबर पर है। शर्म आनी चाहिए जो यहां जनप्रतिनिधि बनकर लोगों को विश्वास में लेकर काम कर रहे थे। प्रो गौरव ने राष्टÑीय अध्यक्ष खड़गे, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, राहुल गांधी, अशोक गहलोत, सीपी जोशी का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने उन पर विश्वास किया।

प्रो गौरव का स्वागत, नहीं दिखे स्थानीय प्रमुख नेता
राजस्थान विधानसभा चुनाव में उदयपुर शहर सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी घोषित होने के बाद प्रो गौरव वल्लभ के बुधवार को दिल्ली से उदयपुर पहुंचने समथक कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। एयरपोर्ट से जुलूस के रूप में बोहरा गणेश मंदिर पहुंचे जहां फूल मालाओं से उनका स्वागत अभिनंदन किया गया। स्वागत में स्थानीय प्रमुख कांग्रेस नेता शामिल नहीं हुए।

दिल्ली से विमान द्वारा आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ता उन्हें रिसीव करने एयरपोर्ट पहुंचे। इनमें कांग्रेस नेता राव कल्याणसिंह, बी-ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अजयसिंह, सौरभ शर्मा, महिला अध्यक्ष नजमा मेवाफरोश, सीमा पंचोली, चंदा सुहालका, हीना खान के अलावा ऐसे कांग्रेस नेता शामिल रहे जिन्हें लोग नहीं पहचानते। स्वागत में उदयपुर का कोई बड़ा नेता नहीं पहुंचा। एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद प्रो गौरव जुलूस के रूप में बोहरा गणेश मंदिर पहुंचे। रास्ते में उनका जगह जगह स्वागत हुआ। प्रो गौरव ने बोहरा गणेशजी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। जयपुर दिल्ली से आने वाले हर वरिष्ठ कांग्रेस नेता का स्वागत करने में आगे रहने वाले प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा व उनके समर्थक नहीं पहुंचे। नगर निगम के 23 कांग्रेस पार्षदों में से केवल चार पार्षद यहां दिखाई दिए। शहर सीट से टिकट के लिए दावेदारी करने वाले एक दर्जन से ज्यादा स्थानीय नेताओं में से एक भी दावेदार नेता भी स्वागत में नहीं पहुंचा न ही शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी स्वागत में शामिल हुए। निवर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ सीपी जोशी के करीबी वीरेंद्र वैष्णव व दिनेश श्रीमाली ने भी दूरी बना ली। इससे स्थानीय कांग्रेसजनों में अंदरखाने नाराजगी साफ दिखाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *