जयपुर, 12 अक्टूबर (ब्यूरो): होटल में ठहरे एक युवक ने फांसी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना पर पहुंची जालूपुरा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द किया है। एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाकर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर की है। खुदकुशी के पीछे नौकरी का झांसा देकर चार लाख रुपए हड़पकर आरोपियों की ओर से प्रताडि़त करने की बात सामने आई है।
थाने के एसआई प्रकाश राम के अनुसार आत्महत्या करने वाला राजकुमार (24) पुत्र परमोली मूलत: करौली जिले के गांव मासलपुर का रहने वाला था। वह अजमेर में रहकर रेलवे ठेकेदार के पास रेल के डिब्बों में चादर-कंबल बदलने का काम करता था। वह राजधानी के जालूपुरा इलाके में संचालित अंजनी होटल के कमरे में ठहरा था। वह बाहर नहीं निकला तो कर्मचारियों ने दरवाजा खटखटाया, मगर जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका के चलते होटल कर्मियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा खोला तो शव पंखे के कुंदे से लटका मिला। पुलिस ने मौके से एफएसएल की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं।
हड़पे थे 4 लाख रुपए
मृतक के भाई मानसिंह ने आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि भुसावर भरतपुर निवासी नरेश और उसके साथी प्रवेश सरकारी विभाग में अधिकारी हैं। दोनों ने वर्ष-2019 में राजकुमार को बिजली विभाग में सरकारी नौकरी लगाने का झांसा देकर 4 लाख रुपए लिए थे। उसने कर्ज पर पैसे लाकर आरोपियों को दिए। आरोप है कि आरोपी पैसों को हड़प कर तकाजा करने पर राजकुमार को धमकियां देते थे, जिससे परेशान होकर उसने खुदकुशी की।
2023-10-12

