लखनऊ में मोदी ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल का इनॉगरेशन किया:बोले- पहले एक परिवार की मूर्तियां लगती थीं, आज हर विभूति को सम्मान मिल रहा

Share:-

पीएम नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया। यहां उन्होंने जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की मूर्तियों का अनावरण करके पुष्पांजलि अर्पित की।

पीएम मोदी ने कहा- पहले एक परिवार की मूर्तियां लगती थीं, आज हर विभूति को सम्मान मिल रहा है। पहले एक ही परिवार का गौरव-गान होता था। भाजपा ने हर किसी के योगदान को सम्मान दिया।

मोदी ने ये भी कहा कि आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा दिल्ली के कर्तव्य पथ है। अंडमान में नेताजी ने जहां पर तिरंगा फहराया, वहां उनकी प्रतिमा है। कोई नहीं भूल सकता है कि अंबेडकर की विरासत को मिटाने का प्रयास किया गया। दिल्ली के शाही परिवार ने इसे मिटाने का प्रयास किया। यहां सपा ने भी ऐसा किया, लेकिन भाजपा ने इसे मिटने नहीं दिया।

प्रेरणा स्थल पर 65-65 फीट ऊंची दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी की मूर्तियां लगाई गई हैं। हर एक प्रतिमा 42 टन वजनी है। प्रेरणा स्थल 65 एकड़ क्षेत्र में 230 करोड़ रुपए की लागत से बना है। साल 2022 में इसका निर्माण शुरू हुआ था।

पीएम मोदी की 3 बड़ी बातें-

दिल्ली के एक शाही परिवार ने बाबा साहब आंबेडकर का जिक्र इसलिए नहीं किया कि कहीं उनके महत्व में कमी न आ जाए। प्रदेश में यही काम सपा ने किया।
कांग्रेस ने बीजेपी को अछूत बनाए रखा, लेकिन बीजेपी के संस्कार सभी का सम्मान करना सिखाते हैं। हमारी सरकार ने प्रणव मुखर्जी को भारत रत्न दिया, मुलायम सिंह को भी सम्मानित किया।
लखनऊ की धमक पूरे विश्व में है। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता में ब्रह्मोस मिसाइल का बहुत बड़ा योगदान है। इस मिसाइल का निर्माण लखनऊ में हो रहा है।पीएम मोदी ने कहा- कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने राजनीतिक रूप से भाजपा को अछूत बनाए रखा। भाजपा का संस्कार हमें सभी का सम्मान करना सिखाता है। नरसिम्हा राव व प्रणव बाबू को भारत रत्न दिया गया। ये हमारी सरकार है, जिसने मुलायम सिंह व तरुण गोगोई को राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया।

कांग्रेस से या सपा से कोई भी ऐसी उम्मीद नहीं कर सकता। इन लोगों के राज में तो भाजपा के नेताओं को सिर्फ अपमान ही मिलता था। भाजपा के डबल इंजन सरकार को बहुत फायदा यूपी को हो रहा है। यूपी 21वीं सदी के भारत में अपनी अलग पहचान बना रहा है। मेरा सौभाग्य है कि मैं यूपी से सांसद हूं। यूपी के मेहनतकश लोग एक नया भविष्य लिख रहे हैं। आज यूपी की चर्चा विकास के लिए होती है। यूपी पर्यटन मानचित्र पर तेजी से उभर रहा है। अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, दुनिया में यूपी की नई पहचान बन रहा है। राष्ट्र प्रेरणा स्थल जैसे स्थान यूपी की नई पहचान बन रही है। यूपी सुशासन समृद्धि के रूप में और बुलंदी हासिल करे। इसी कामना के साथ फिर से राष्ट्र प्रेरणा स्थल की बधाई।

पीएम मोदी ने करीब 32 मिनट भाषण दिया। उन्होंने आखिरी में तीनों नेताओं के नारे लगवाए। फिर वंदे भारत की जयकारे भी लगवाए।
पीएम मोदी बोले- परिवारवाद की सोच ने छुआछूत का चलन शुरू किया
पीएम मोदी ने कहा- सरदार पटेल ने रियासतों को भारत में मिलाया। लेकिन आजादी के बाद उनके काम और कद को छोटा कर दिया। भाजपा ने सरदार साहब को मान सम्मान दिया। जिसके वो हकदार थे। उनकी विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा बनाई।

आदिवासियों को उचित स्थान नहीं दिया गया। हमारी सरकार ने भगवान बिसरा मुंड का भव्य स्मारक बनाया। साथियों, देश भर में ऐसे अनेक उदाहरण हैं। महाराज सुहेलदेव का स्मारक भाजपा सरकार में बना। निषादराज व प्रभु राम की मिलन स्थली को सम्मान मिला।

साथियों, परिवारवाद की राजनीति की एक विशिष्ट पहचान होती है। असुरक्षा से घिरी होती है। इस कारण परिवारवाद दूसरे की लकीर को छोटा करने की प्रवृत्ति होती है। इसी सोच ने भारत में राजनीतिक छूआछूत का चलन शुरू किया। देश में कई पीएम हुए। लेकिन दिल्ली में म्यूजियम में कई पीएम के योगदान को नजरअंदाज किया गया। आज दिल्ली जाएं तो भव्य पीएम संग्रहालय आपका स्वागत करता है। हर पीएम को उचित सम्मान व साथ दिया गया है।

पीएम मोदी ने कहा- सपा ने आंबेडकर की विरासत मिटाने का प्रयास किया
पीएम मोदी ने कहा- तीनों महापुरुषों के प्रेरणा और विजनरी कार्य विकसित भारत के आधार हैं। प्रतिमाएं हमें नई ऊर्जा से भर रही हैं। हमें यह नहीं भूलना है कि भारत में हर कार्य को एक ही परिवार से जोड़ने की प्रवृत्ति पनपी। पहले एक ही परिवार का गौरवगान होता था। उनकी ही मूर्तियां। यही सब चला। भाजपा ने एक परिवार की बंधक बनी इस प्रवृत्ति से देश को बाहर निकाला।

भाजपा ने हर किसी के योगदान को सम्मान दिया। आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा दिल्ली के कर्तव्य पथ है। अंडमान में नेताजी ने जहां पर तिरंगा फहराया, वहां उनकी प्रतिमा। कोई नहीं भूल सकता है कि आंबेडकर की विरासत को मिटाने का प्रयास किया गया। दिल्ली की शाही परिवार ने इसे मिटाने का प्रयास किया। यहां सपा ने भी ऐसा किया। लेकिन भाजपा ने इसे मिटने नहीं दिया।

पीएम मोदी बोले- 11 सालों में भारत दुनिया का सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता बना
पीएम मोदी ने कहा- भारत में टेलीकाम को गति देने का काम अटलजी ने ही किया। आज भारत दुनिया में सबसे अधिक इंटरनेट और मोबाइल यूजर वाले देशों में से है। अटलजी जहां होंगे, वो इस बात से खुश होंगे। 11 वर्षों में भारत दुनिया के सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता देश बन गया है।

कनेक्टिविटी को लेकर उनके विजन 21वीं सदी के भारत की मजबूती है। उनके समय में ही गांव -गावं तक सड़कें पहुंचाने का अभियान शुरू हुआ। स्वर्णिम चतुर्भूज अभियान भी शुरू हुआ। आज 8 लाख किमी सड़कें गांवों में बनकर तैयार है। हमारा यूपी एक्सप्रेस-वे के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। अटलजी ने मेट्रो की शुरुआत की। आज मेट्रो लाखों लोगों का जीवन आसान बना रहा है।

पीएम मोदी ने कहा- बीमा योजना से 55 करोड़ लोग जुड़े, 25 हजार करोड़ क्लेम लिया
पीएम मोदी ने कहा- 2014 से पहले 25 करोड़ साथी सरकार की योजनाओं के दायरे में थे। आज 95 करोड़ साथी इस सुरक्षा कवच के दायरे में हैं। यूपी में बड़ी संख्या में इन योजनाओं का लाभ मिला है।
जैसे खाते सिर्फ कुछ ही लोगों के पास होते हैं। वैसे बीमा भी कुछ ही संपन्न लोगों के पास था। हमारी सरकार ने अंतिम व्यक्ति तक बीमा पहुंचाने का बीड़ा उठाया। आज सरकार की स्कीम से 25 करोड़ से ज्यादा लोग जुड़े हैं। दुर्घटना के लिए प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना चल रही है। इससे 55 करोड़ लोग जुड़े हैं। ये लोग पहले बीमा के बारे में सोच नहीं पाते थे। इन योजनाओं से करीब 25000 करोड़ का क्लेम पहुंचा है। यानी संकट के समय ये पैसा गरीब परिवारों के काम आया है।

आज अटलजी का जन्मदिन है। यह सुशासन का भी दिन भी है। लंबे समय तक देश में ही गरीबी हटाओ जैसे के नारे को ही सुशासन मान लिया गया था। लेकिन अटलजी ने सही मायने में सुशासन को जमीन पर उतरा। आज डिजिटल की इतनी चर्चा होती है। इसकी नींव उन्होंने ही तैयार की थी।

पीएम मोदी ने कहा- ऑपरेशन सिंदूर में जिस ब्रह्मोस मिसाइल का जलवा देखा, वो अब लखनऊ में बन रही
पीएम मोदी ने कहा- साथियों स्वतंत्र भारत के पहले उद्योग मंत्री के रूप में डॉ मुखर्जी ने आर्थिक निर्भरता की नींव रखी थी। पहली औद्योगिक नीति रखी थी। भारत में उद्योगीकरण की बुनियाद रखी थी।

यूपी में देखिए एक जनपद एक उत्पाद का अभियान चल रहा है। छोटी इकाइयों का सामर्थ्य बढ़ रहा है। यूपी में बहुत बड़ा डिफेंस कॉरिडोर बना रहा है। ऑपरेशन सिंदूर में जिस ब्रह्मोस मिसाइल का जलवा देखा वो अब लखनऊ में बन रही है। वो दिन दूर नहीं, जब यूपी का डिफेंस कॉरिडोर दुनिया भर में जाना जाएगा।

दशकों पहले पंडित दीनदयाल ने अंत्योदय का सपना देखा था। वो मानते थे कि भारत की प्रगति का पैमाना अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के मुस्कान से माना जाएगा। उन्होंने एकात्म मानववाद का सिद्धांत दिया था। उनके सपने को मोदी ने अपना संकल्प बनाया है। सेचुरेशन यानि हर जरूरतमंद हर लाभार्थी को सरकार के कल्याणकारी योजना में लाने का प्रयास किया जा रहा है।

पीएम मोदी ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल के लिए सीएम योगी को बधाई दी
पीएम मोदी ने कहा- साथियों आज इस पावन दिन महामना मालवीय, अटलजी व महाराज बिजली पासी को श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं।

आज मुझे राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन का अवसर मिला है। यह स्थल उस सोच का प्रतीक है। जिसने भारत को आत्मसम्मान, एकता और सेवा का मार्ग दिखाया। डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीनदलााय, अटलजी की विशाल मूर्तियां जितनी ऊंची हैं, उनके मिलने वाली प्रेरणाएं उनसे ऊंची हैं।

अटलजी ने लिखा था- नीरवता से मुखरित मधुबन, परहित अर्पित अपना तन-मन, जीवन को शत-शत आहुति में, जलना होगा, गलना होगा क़दम मिलाकर चलना होगा।

मैं लखनऊ, यूपी और पूरे देश को इस स्थल की बधाई देता हूं। जैसा कि बताया गया है कि जिस जमीन पर यह स्थल बना है। उसकी 30 एकड़ जमीन पर कई दशक जमीन पर कूड़े-कचरे का पहाड़ जमा था। 3 वर्षों में इसे खत्म कर दिया। इस प्रोजेक्ट से जुड़े लोगों और योगों को बधाई देता हूं।

पीएम मोदी ने बिजली पासी को नमन किया, बोले- आज लखनऊ की यह भूमि एक नई प्रेरणा की साक्षी बनी
पीएम मोदी ने भारत माता की जय के नारे के साथ भाषण की शुरुआत की। कहा- आज लखनऊ की यह भूमि एक नई प्रेरणा की साक्षी बनी है। मैं देश और दुनिया को क्रिसमस की शुभकामनाएं देता हूं। भारत में करोड़ ईसाई परिवार आज उत्सव मना रहे हैं। क्रिसमस का यह उत्सव सभी के जीवन में खुशियां लाएं। यह हमारी कामना है।

25 दिसंबर का यह दिन देश की दो महान विभूतियां अटलजी, मदन मोहन मालवीय के जन्म का अद्भुत संयोग लेकर आता है। दोनों नेताओं ने भारत की अस्मिता और एकता और गौरव की रक्षा की है। राष्ट्र निर्माण में अपनी अमिट छाप छोड़ी।

25 दिसंबर को महाराजा बिजली पासी जी भी जयंती है। 25 दिसंबर को महाराजा बिजली पासी जी की भी जयंती है। उन्होंने वीरता, सुशासन और समावेश की विरासत छोड़ी। उसको हमारे पासी समाज ने गौरव के साथ आगे बढ़ाया। यह भी संयोग है कि अटलजी जी ने ही महाराजा की सम्मान में डाक टिकट जारी किया था।

राजनाथ सिंह बोले- पीएम मोदी इकलौते नेता, जिन्हें 29 देशों का सर्वोच्च सम्मान मिला
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भारत माता के उद्घोष के साथ भाषण शुरू किया। उन्होंने कहा- अंतरराष्ट्रीय जगत में भारत का नाम ऊंचा करने वाले पीएम का अभिनंदन करता हूं। आपको यह जानकार प्रसन्नता होगी कि हमारे प्रधानमंत्री इकलौते ऐसे नेता हैं, जिन्हें 29 देशों का सर्वोच्च सम्मान प्राप्त हुआ है।

आज यह अवसर देश के लिए बहुत अहम है। अटलजी को मैं नमन करता हूं। एक दशक से हमारा देश आगे बढ़ा है। पीएम का मोदी एक मंत्र है- महापुरुषों का सम्मान और विरासत का स्मरण करना है। उनपर गौरव करना है। इसलिए तीनों नेताओं की मूर्तियों की स्थापना की गई है। तीनों ने भारत को नई पहचान दिलाने का काम किया है।

योगी ने कहा- हमारी सरकार अंत्योदय पर काम कर रही है
सीएम योगी ने कहा– आज हम सबके लिए गौरव का क्षण है। डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने स्वतंत्र देश में एक देश, एक विधान, एक निशान और एक प्रधान का उद्घोष किया था। भारत माता के महान सपूत पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय विचार पर हमारी सरकार काम कर रही है। अटल जी के सपने को मूर्त रूप देने के लिए हमारी सरकार काम कर रही है। आधुनिक भारत के शिल्पकार हमारे पीएम नरेंद्र मोदी का आगमन लखनऊ की धरती पर हुआ है।

डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय और अटल बिहारी बाजपेई जी की मूर्ति का लोकापर्ण पीएम के करकमलों से हुआ है। इन मूर्तियों के साथ भव्य म्यूजियम का भी उद्घाटन होने जा रहा है। पीएम की प्रेरणा से आत्मनिर्भर और विकसित भारत का वर्तमान स्वरूप देख रहे हैं तो कहीं न कहीं हम सबके प्ररेणा के रूप में श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीनदयाल उपाध्याय और पूर्व पीएम अटल बिहार वाजपेयी का मार्गदर्शन रहा है।

योगी बोले- अटलजी ने भारत को विजन दिया
सीएम योगी ने कहा- श्यामा प्रसाद के सपने साकार हो रहे हैं। 11 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीब रेखा से ऊपर उठ गए हैं। पीएम मोदी की प्रेरणा से आज आत्मनिर्भर भारत का सपना देख रहे हैं। तीनों नेताओं का मार्ग दर्शन हमें नई प्रेरणा देता है। अटजी कहते थे। अंधेरा छंटेगा, सूर्य निकलेगा और कमल खिलेगा। भारत के उज्जवल विकास के लिए वह दृढ़ संकल्पित थे। अटलजी ने एक पत्रकार और विचारक के रूप में भारत को विजन दिया। नेतृत्व दिया। आज हमें उसे विकास के नए रूप में देख रहे हैं।

मोदी ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल का इनॉगरेशन किया

1-पीएम मोदी ने लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का इनॉगरेशन कर दिया है। उन्होंने जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की मूर्तियों का उद्घाटन कर पुष्पांजलि अर्पित की।
2-पीएम के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, सीएम योगी, ​​​​​बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद हैं।
3-सीएम योगी ने कहा- देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आज पावन जयंती है। उन्होंने उत्तर प्रदेश से देश की संसद में कई बार प्रतिनिधित्व किया। यह हमारे प्रदेश की राजधानी लखनऊ का सौभाग्य है कि उन्होंने लखनऊ से प्रतिनिधित्व करते हुए देश के प्रधानमंत्री के रूप में काम किया। देश को विकास के एक नए विजन के साथ आगे बढ़ाने का काम किया था। यह वर्ष विशेष है।
4-अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्मशती महोत्सव का आयोजन पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। अटल जी की कविताओं के काव्यपाठ, उनके लेखन, उस लेखन पर होने वाली बहस, उनकी पत्रकारिता, और संसद व अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर दिए गए उनके महत्वपूर्ण भाषण..इन सबको लेकर पूरे देश में विभिन्न शिक्षण और प्रशिक्षण संस्थाओं में अनेक प्रकार के कार्यक्रम हुए हैं।
5-अटल जी का विराट व्यक्तित्व और कृतित्व देशवासियों को नई प्रेरणा प्रदान करता है। जन्मशती के इस अवसर पर डबल इंजन सरकार ने अटल जी की स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने के लिए राष्ट्र प्रेरणा स्थल का निर्माण किया है, जो आज अटल जी के प्रति विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करने की दिशा में प्रधानमंत्री के करकमलों से राष्ट्र को समर्पित होगा।

जानिए कैसे बना राष्ट्र प्रेरणा स्थल
1- 2017 में भाजपा की सरकार बनने के बाद से ही यूपी में अपने बड़े नेताओं को समर्पित एक स्मारक या पार्क की योजना बनी थी। भाजपा नेतृत्व का मानना था कि लखनऊ में जनसंघ के संस्थापक सदस्यों की स्मृति में एक बड़ा पार्क होना चाहिए। उसी सोच के तहत राष्ट्र प्रेरणा स्थल बनाया गया।
2- यूपी के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह बताते हैं- राष्ट्र प्रेरणा स्थल की सोच प्रधानमंत्री मोदी और सीएम योगी की है। करीब 6 साल पहले हुई एक उच्चस्तरीय बैठक में यह विचार किया गया कि लखनऊ अटल बिहारी वाजपेयी की कर्मभूमि रही है। अटलजी का लखनऊ से और लखनऊ के लोगों का अटलजी से गहरा जुड़ाव रहा है।
3- स्वतंत्र देव सिंह बताते हैं- अटलजी की स्मृति को अमिट बनाने के लिए ऐसा कोई पार्क या स्थल होना चाहिए, जहां उनकी विशाल प्रतिमा लगाई जाए। पहले सिर्फ अटलजी की प्रतिमा लगाने का ही विचार था। लेकिन, बाद में यह फैसला लिया गया कि भाजपा का उदय जनसंघ से हुआ है। जनसंघ के संस्थापक सदस्य डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की भी प्रतिमा वहां लगाई जाए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *