RAJASTHAN NEWS: 22 साल बाद फिर होगा अंतर्राष्ट्रीय राजस्थानी कॉन्क्लेव

Share:-

जयपुर : प्रदेश में 22 साल बाद एक बार फिर अंतर्राष्ट्रीय राजस्थानी कान्क्लेव आयोजित होगा। इस दो दिवसीय कॉन्क्लेव का आयोजन 23-24 सितंबर को जयपुर में होगा। उद्योग विभाग एवं राजस्थान फाउंडेशन के तत्वाधान में होने वाले इस वृहद् आयोजन के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 5 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बजट मंजूर किया है।
मुख्यमंत्री ने प्रवासी राजस्थानियों को एक सूत्र में बांधने के उद्देश्य से हाल में प्रस्तुत अगले वित्तीय वर्ष के बजट में इंटरनेशनल राजस्थानी कॉन्क्लेव के आयोजन की घोषणा की थी। इस दो दिवसीय कॉन्क्लेव में राजस्थानी गौरव, साहित्य, व्यापार, परंपरा, संगीत, कला, संस्कृति, सामाजिक कल्याण, उद्यम, खान-पान एवं मनोरंजन आदि विषयों पर दिलचस्प सत्रों का आयोजन होगा। इसमें उद्यमशीलता एवं निवेश के अवसरों पर एक विशेष सत्र शामिल होगा। इसमें विश्व भर से प्रवासी उद्यमी भाग लेंगे।

प्रवासी राजस्थानी नीति में घोषित प्रवासी सम्मान पुरस्कार का शुभारम्भ भी इसी कॉन्क्लेव में किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2000 में विदेश में रह रहे राजस्थानियों का महत्व समझते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पहले कार्यकाल में पहली बार इंटरनेशनल राजस्थानी कॉन्क्लेव का आयोजन हुआ था। केवल अपने प्रवासियों के लिए एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करना उस समय केंद्र सरकार या किसी भी राज्य सरकार के लिए एक अनूठी पहल थी। इसी तर्ज पर वर्ष 2003 में भारत सरकार द्वारा प्रवासी भारतीय दिवस का आयोजन किया गया था। अन्य राज्यों ने भी इस मॉडल को अपनाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *