मोदी झूठों के सरदार, गहलोत का स्वभाव पानी जैसा : खरगे

Share:-

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सीएम की नामांकन रैली में पीएम पर साधा निशाना

जोधपुर, 6 नवंबर : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि सीएम अशोक गहलोत का स्वभाव पानी जैसा है। पानी का रंग क्या होता है? नीला मिलाओ, नीला होता है। गहलोत पानी की तरह सबको साथ लेकर चलने वाले नेता हैं। वहीं, पीएम नरेंद्र मोदी झूठों के सरदार हैं। खरगे सोमवार दोपहर राजकीय उम्मेद स्टेडियम में सीएम अशोक गहलोत के नामांकन के बाद आयोजित रैली को संबोधित कर रहे थे। इसमें सीएम गहलोत के साथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित जिले की अन्य विधानसभा सीटों के कांग्रेस प्रत्याशी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
खरगे ने कहा कि केंद्र सरकार हमारे नेताओं को सताने का काम कर रही है। जो अच्छा काम करते हैं, उनको बीच में टांग मारने का काम मोदी सरकार और बीजेपी करती है। जो नौकरियां पंडित नेहरू ने तैयार की थीं, वो मोदी सरकार एक-एक करके बेच रही है। मोदी कुछ नया नहीं लाए हैं। नया लाए हैं तो सिर्फ ईडी, इनकम टैक्स, सीबीआई। मोदी पहले इन तीन एजेंसी को प्रचार के लिए भेजते हैं। फिर खुद भाषण करते हैं। कांग्रेस के लोगों पर आरोप लगाते हैं कि वे देश को लूट रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में मोदी ने कहा कि अगर मेरी सरकार बनी तो देश के बाहर का कालाधन हिंदुस्तान वापस लाकर हर किसी की जेब में 15 लाख आएंगे। एक प्रधानमंत्री झूठ नहीं बोलता तो ये 15 लाख वाली बात कहां गई? या तो आप लेने वाले झूठे हैं या ऐसा बोलने वाले। वे दो करोड़ नौकरी सालाना देने की बात करते हैं, लेकिन अभी तक किसी को नहीं मिली। जो हैं वह भी छीन रहे हैं। रेलवे, बैंक, स्कूल सब की नौकरी छीन रहे हैं। अगर मैं कहूं मोदी झूठ बोलते हैं, वे झूठों के सरदार हैं तो यह गलत नहीं होगा।
खरगे ने कहा कि जोधपुर में अशोक गहलोत कैंडिडेट हैं। उन्होंने अपने जीवन में दस बार जीत हासिल की। पांच बार एमपी बने, पांच बार एमएलए बने। भारत सरकार में मंत्री और राजस्थान में सीएम रहे। जो लोगों के बीच रहते हैं, काम करते हैं, वही बार-बार चुनकर आते हैं। किसी के बारे में दुश्मनी नहीं रखते। पार्टी का काम करते हैं। इसलिए उनकी लोकप्रियता दिखती है। एक आदमी दस बार चुनकर आना बड़ी बात है। अशोक गहलोत ने जो दस प्रोग्राम बनाए वो आपके सामने हैं।
देश में ईडी ने मचाया आतंक : गहलोत
नामांकन रैली में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी मुख्य रूप से ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स का जिक्र करते हुए कहा कि आज ये तीनों संस्थाएं केंद्र सरकार के दवाब में काम कर रही हैं। जिस संस्था का काम आर्थिक अपराधियों को पकडऩे के लिए किया जाता है, उसे मोदी सरकार ने सरकार गिराने में लगा दिया है। उन्होंने कहा कि वैभव गहलोत का दुनिया में कहीं भी एक रुपया भी नहीं लगा है, फिर भी ईडी का नोटिस भेजा जा रहा है। डोटासरा के बेटों को पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल के घर 6 महीने से ईडी बैठी हुई है। आज देश में ईडी का आतंक मचा रखा है। ये चुनाव में बड़ा मुद्दा बनेगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार गांधी परिवार को टारगेट करती है, लेकिन वे ये नहीं जानते कि इसी परिवार ने देश के लिए अपनी जान दे दी। पाकिस्तान के दो टुकड़े कर बांग्लादेश बना दिया। रैली में आरसीए अध्यक्ष वैभव गहलोत, कांग्रेस प्रत्याशी मनीषा पंवार, शाहजाद खान, किशनराम बिश्नोई, मीना कंवर, दिव्या मदेरणा, महेंद्र विश्नोई, प्रकाश छंगाणी, गीता बैरवा, मोहनलाल कटारिया, बद्रीराम जाखड़, पदमाराम मेघवाल, संयम लोढ़ा भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *