Share:-


शराब नीति केस में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से CBI ने अपने ऑफिस में करीब 9 घंटे तक पूछताछ की। वे रविवार सुबह 11 बजकर 10 मिनट पर एजेंसी के ऑफिस पहुंचे थे। केजरीवाल रात 8.30 बजे एजेंसी ऑफिस से बाहर निकले।

केजरीवाल से पूछताछ के विरोध में प्रदर्शन कर रहे AAP के 6 से ज्यादा विधायकाें को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।

दिल्ली सरकार के कई मंत्री, पार्टी सांसद और पंजाब के CM भगवंत मान केजरीवाल को CBI ऑफिस तक छोड़ने गए थे। बाद में इन नेताओं ने CBI ऑफिस के बाहर ही विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। जिसके बाद राघव चड्‌ढा और संजय सिंह समेत कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

उधर, दिल्ली CM केजरीवाल से CBI की पूछताछ के मद्देनजर आम आदमी पार्टी के दिल्ली के संयोजक गोपाल राय ने इमरजेंसी मीटिंग बुलाई। जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता, दिल्ली मेयर शैली ओबेरॉय और डिप्टी मेयर आले मोहम्मद इकबाल भी मौजूद हैं।

AAP नेता राघव चड्ढा ने अरविंद केजरीवाल को भगवान कृष्ण और भाजपा को कंस कहा है। उन्होंने कहा कि कंस जानता था कि भगवान श्री कृष्ण उसे खत्म कर देंगे और इसलिए उसने श्री कृष्ण को नुकसान पहुंचाने के लिए कई साजिशें रचीं। इसी तरह भाजपा जानती है कि आम आदमी पार्टी उनके पतन का कारण बनेगी।

CBI ऑफिस से पहले राजघाट गए केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल सुबह CBI के ऑफिस जाने से पहले राजघाट गए थे। वहां उन्होंने भगवंत मान के साथ महात्मा महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। इससे पहले उन्होंने एक वीडियो जारी किया था, जिसमें कहा था कि जब कुछ गलत नहीं किया, तो छिपाना क्या।

केजरीवाल ने कहा कि ये (भाजपा) बहुत ताकतवर लोग हैं, किसी को भी जेल भेज सकते हैं, चाहे किसी ने कोई जुर्म किया हो या ना किया हो। कल से भाजपा के सारे नेता कह रहे हैं कि केजरीवाल को गिरफ्तार करेंगे। शायद BJP ने CBI को गिरफ्तारी का आदेश भी दे दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *