बारां:मोदी सरकार बढा-चढाकर घोषणा करती है लागू नही, कांग्रेस जो करती है उसे लागू करती है- खरगे

Share:-

– ईआरसीपी को राष्ट्रीय परियोजना घोषित करने को लेकर कांग्रेस के जनजागरण अभियान का बारां से हुआ आगाज

16 अक्टूबर । ईआरसीपी परियोजना पर केन्द्र सरकार की वादाखिलाफी के विरुद्ध तथा ईआरसीपी परियोजना को केन्द्र सरकार से राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर बारां जिले से जन जागरण अभियान कि सोमवार को बारां से शुरुआत होने के साथ ही चुनाव प्रचार अभियान का भी आगाज हो गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे सहित राष्ट्रीय महामंत्री के. सी. वेणुगोपाल, राज्य प्रभारी सुखविंदर सिंह रंधावा, राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासारा समेत राज्य सरकार के मंत्री प्रमोद जैन भाया, शकुंतला रावत, महेंद्र सिंह मालवीय, रमेश मीणा, पंकज मेहता, अमित धारीवाल कई विधायक, पूर्व विधायक, हाड़ौती संभाग के कांग्रेस जिलाध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, नेता बारां पहुंचे थे।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, खान मंत्री प्रमोद जैन भाया, जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया ने यहां जनसभा को संबोधित किया। खरगे ने देश की आजादी में कांग्रेस के योगदान का जिक्र किया, साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरा।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान की महत्वाकांक्षी परियोजना प्रोजेक्ट के लिए एक पैसा नहीं दिया। राज्य सरकार अपने खर्चे से तथा 13 जिलों के लोगों को सिंचाई तथा पीने का पानी मुहैया कराने के लिए परियोजना को आगे बढ़ा रही है। मोदी ने राजस्थान में एक बार नहीं दो बार जयपुर, अजमेर में इस प्रोजेक्ट को राष्ट्रीय दर्जा देने तथा बजट से पैसा देने का वादा किया था, लेकिन ना पैसा दिया न वादा निभाया। राज्य सरकार ईमानदारी से इस परियोजना के लिए काम कर रही है तो केंद्र सरकार सिंचाई और पानी के लिए राज्य सरकार की मदद क्यों नहीं करना चाहती।

उन्होंने कहा कि राजस्थान के जल संसाधन मंत्री सरकार के नुमाइंदे हैं तो पार्टी के 25 सांसद मौजूद है, लेकिन यह सब चुप्पी साधे बैठे हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि मोदी बहुत फिरते रहते हैं, प्रचार हेतु दौड़ते हैं। कर्नाटक में भी दौड़े फिर भी यश नहीं मिला। जो वहां वायदे किए थे, उनको भी नहीं निभाया। जो गरीब की तकलीफों को जानता है वही काम कर सकता है। राजस्थान में मुख्यमंत्री गहलोत ने गरीबों के लिए कई कदम उठाया है, योजनाओं का लाभ उन्हें मिला है। 21 लाख लोगों का 16000 करोड़ का कर्ज माफ कर दिया है। शहरी रोजगार योजना, ₹500 का सिलेंडर इसके अलावा कई कल्याणकारी योजना दी है। मैं पूछना चाहता हूं क्या मोदी ने नौकरी देने का वादा किया था दिया, स्वास्थ्य का अधिकार दिया, 15 लाख अकाउंट में डालें। अब बताए राजस्थान में ऐसी सरकार बननी चाहिए या झूठ बोलने वालों की। कांग्रेस की सरकार आनी है तो घर घर जाकर प्रचार करना पड़ेगा।

खड़के ने कहा कि केंद्र सरकार राज्य सरकारों को गिराना चाहती है। राजस्थान में भी ऐसे प्रयास हुए लेकिन यहां सब ने मिलकर बचा लिया। कर्नाटक, गोवा, मणिपुर, उत्तराखंड में इन्होंने यही काम किया।
लाल डायरी का जिक्र करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि उसमें क्या लिखा है, मैं बताता हूं उसमें यह लिखा था आने वाले चुनाव में कांग्रेस फिर से आएगी चुनाव जीतेगी।
उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि बैकवर्ड क्लास की जनगणना होनी चाहिए। गरीबों को हक मिलना चाहिए, जो हिस्से का है देना चाहिए। यदि जनगणना होगी तो उस आधार पर उनकी मदद होगी।

महिला बिल – कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष
मल्लिकाजूर्न खरगे ने कहा कि महिला सशक्तिकरण और आगे बड़ाने के प्रयास कांग्रेस पार्टी का है। हम जब बिल लेकर आए तो इन्हीं लोगों ने गिरा दिया। मोदी कहते हैं बेदर्दी से सपोर्ट किया। हम कहते हैं भाजपा जो कर रही है वह हमारी कापी है।

मुगालते में ना रहें सरकार कांग्रेस की बनेंगी- जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि सरकार की योजनाओं तथा कार्यों से जो प्यार मोहब्बत मिल रहा है वह बेमिसाल है। मैं दावे के साथ कहता हूं कि सरकार कांग्रेस की ही बनने जा रही है। ईआरसीपी के मसले पर गहलोत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी उनके सलाहकारों ने राजस्थान के साथ धोखा दिया है। हमने सिंचाई तथा पीने के पानी के लिए 14हजार करोड़ का बजट कर दिया। हाड़ौती की परवन सिंचाई परियोजना हमारे प्रयासों से शुरू हुई। मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि मोदी की वसुंधरा राजे से बैनर नहीं है, उससे हमे कोई लेना-देना नहीं लेकिन वादा करने के बाद धोखा दें यह उचित नहीं। 25 सांसद है एक नहीं बोला। हमने राजस्थान में प्रॉपर योजना बनाई है जिसका लाभ जरूरतमंदों को मिल रहा है। हम कहना चाहेंगे काम किया है दिल से, कांग्रेस फिर से।

बारां से जागरण अभियान की शुरुआत की है- डोटासरा
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डटोसरा ने कहा कि मोदी ने वायदा खिलाफी की है, दो बार वायदा किया था राष्ट्रीय परियोजना घोषित करेंगे लेकिन 13 जिलों के किसानों को सिंचाई व पानी का उपयोग नहीं करने देना चाहते। बारां से जागरण अभियान की शुरुआत की है। 23000 करोड़ देने का काम किया है। 10 तरह की गारंटी दी है। देश में जो नफरत फैला रहे हैं वह डूब जाएगा।

मरते दम तक सेवा करता रहूंगा- भाया
कार्यक्रम के आयोजक तथा खान, गोपालन मंत्री प्रमोद जैन भाया ने कहा कि यह बीजेपी का गढ़ था। आज हर क्षेत्र में कांग्रेस का कब्जा है। चार में से तीन विधायक कांग्रेस के है यह सब बारां के युवाओं की मेहनत का फल रहा है। भाया ने कहा कि चुनाव का बिगुल बजा है और बारां की धरती से यह हो रहा है तो आगामी चुनाव में जिले की चारों सीटों पर कांग्रेस का कब्जा होगा यह मेरा दावा है। उन्होंने कहा कि मैं हमेशा गरीब को गणेश मानकर सेवा करता हूं। चुनौती देता हूं मेरे उन विरोधियों को कि वे आरोप लगाने से पहले सार्वजनिक मंच पर बहस कर लेवे। भाजपा ने कोई विकास, धार्मिक, सामाजिक कार्य नहीं किया ना किसी का भला किया। गौ माता के नाम पर वोट मांगते हैं लेकिन करते कुछ नहीं। 5 साल में हमने 400 करोड़ की अनुदान दिया है। उन्होंने ऐलान किया कि 2200 जोड़ों के सामूहिक विवाह सम्मेलन की सफलता के बाद 5100 जोड़े का निशुल्क विवाह होगा और मैं मरते दम तक सेवा करता रहूंगा।

कांग्रेस के जन जागरण अभियान कार्यक्रम में यह रहे मौजूद
बारां 16 अक्टूबर । विधानसभा चुनाव का आगाज आज बारां जिले से हुआ। इस कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे, एआईसीसी संगठन महासचिव के.सी.वेणुगोपाल, प्रदेश प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश अध्यक्ष गोविन्दसिंह डोटासरा, खान एवं गोपालन मंत्री प्रमोद जैन भाया, जल संसाधन मंत्री महेन्द्रजीत सिंह मालवीय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी, मंत्री रमेश मीणा, भरोसीलाल जाटव, शकुन्तला रावत, पूर्व केन्द्रीय मंत्री नमोनारायण मीणा, चयन समिति चेयरमेन गोविन्दराम मेघवाल, एआईसीसी सह प्रभारी विरेन्द्र सिंह चौहान, सह प्रभारी काजी निजामुद्वीन, अमृता धवन, जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया, बारां-अटरू विधायक पानाचंद मेघवाल, किशनगंज विधायक निर्मला सहरिया सहित प्रदेश एवं कोटा, बूंदी, झालावाड के जिलाध्यक्षों सहित हजारों की संख्या में कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों सहित हजारों की संख्या में कांग्रेसजनों ने भाग लिया। सभा को कई नेताओं ने सम्बोधित किया।
3 घंटे देरी से आए कांग्रेस नेता-
बारां में कांग्रेस के आयोजित जन जागरण अभियान कार्यक्रम में कांग्रेस का वरिष्ठ नेता 3 घंटे के विलंब से पहुंचे। इस बीच दोपहर 12:00 बजे से जमें लोगों को काफी इंतजार करना पड़ा। बाहर से आए नेतागणों ने इस बीच मंच संभालकर भाषण देते रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *