उदयपुर में क्षेत्राधिकार को लेकर किन्नरों के गुट आपस में भिड़े, पथराव में तीन घायल

Share:-


उदयपुर, 30 अक्टूबर(ब्यूरो): यहां शहर के कृषि मंडी क्षेत्र में सोमवार को किन्नरों के दो गुट आपस में भिड़ गए। कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों गुटों ने एक—दूसरे पर पथराव कर दिया। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए। घटनाक्रम को लेकर देर रात दोनों गुटों ने एक—दूसरे गुट के लोगों के खिलाफ हिरणमगरी थाने में मामला दर्ज कराया।
बताया गया कि आपसी झगड़ा क्षेत्राधिकार को लेकर था। दोनों गुट कृषि मंडी के एक क्षेत्र को अपना बता रहे थे। घटनाक्रम को लेकर हिरणमगरी थाने के हैड कांस्टेबल देवेन्द्र सिंह ने बताया कि झगड़ा किन्नर समाज के पायल गुट और भंवरी गुट के बीच में क्षेत्र के बंटवारे को लेकर हुआ। दोनों ही गुट क्षेत्र पर अपना अधिकार बता रहे थे। क्षेत्र में पैसे एकत्रित करने को लेकर दोनों गुटों के बीच पहले कहासुनी हुई और कुछ ही देर में यह विवाद हाथापाई तथा पथराव तक पहुंच गया। घटनाक्रम में तीन लोग घायल हो गए। जिसमें भंवरी गुट का ड्राइवर गोपाल भी शामिल है, जिसके पांव में गंभीर चोट आई है। उसे एमबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों में पायल गुट की पायल और उसकी साथी काजल शामिल है। उनका उपचार भी एमबी अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस का कहना है कि इस घटना के दौरान कृषि मंडी इलाके में कुछ समय के लिए अफरा—तफरी का माहौल हो गया। दोनों ही गुटों के लोगों ने एक—दूसरे गुट की गाड़ियों पर भी जमकर पथराव किया। जिसमें कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है। इस मामले को लेकर दोनों ही गुटों की तरफ से एक—दूसरे के खिलाफ हिरण मगरी थाने में मामला दर्ज किया गया है और जांच की जा रही है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उनके घर भिजवा दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *