लाठी चार्ज में घायल हुए विधायक को कराया अस्पताल मेंं भर्ती -चिकित्सकों द्वारा कराई जा रही हैं विभिन्न जांच

Share:-


अलवर, 13 अप्रैल : भारतीय जनता पार्टी द्वारा बुधवार को आयोजित जन आक्रोश रैली के बाद ज्ञापन देने गए भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज में घायल हुए अलवर शहर विधायक को गंभीर चोट लगने के कारण गुरुवार को अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय के आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों की टीम ने संभावित दर्द को देखते हुए कई जांच कराने का निर्णय लिया है। जिसमें एमआरआई सहित कई जांच की जा रही हैं। जिससे यह पता चल सकेगा कि आखिर चोट किस स्तर की है।
उनका ईलाज कर रहे सर्जन डॉक्टर योगेश उपाध्याय ने बताया कि अलवर शहर विधायक संजय शर्मा की कमर में दर्द होने के कारण उन्हें अस्पताल में दिखाया गया। जहां काफी दर्द होने के कारण उनसे ना सही तरीके से बैठा जा रहा है। ना ही सही तरीके से खड़ा हुआ जा रहा है, नहीं चला जा रहा है। ऐसे में उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है और अब यह देखना है कि उनके रीड की हड्डी में प्रॉब्लम हुई है या मांस फटा है,या कोई अंदर इंजरी हुई है। अभी एमआरआई कराई जाएगी। जिसके बाद यह पता चलेगा कि चोट किस स्तर की है। अस्पताल में डॉक्टर लगातार निगरानी रखे हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस शासन के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी द्वारा जन आक्रोश रैली निकाली गई थी। कलेक्ट्रेट पर जब ज्ञापन देने जा रहे तो वहां पर एसटीएफ के जवानों ने कलेक्ट्रेट गेट पर विधायक पर लाठीचार्ज कर उनकी पिटाई कर दी। जिसमें उनके कमर में काफी चोट आई है और वह कल बुधवार से ही बेचैनी की स्थिति में हैं। रात भी उन्हें दर्द निवारक दवाइयों के सहारे बितानी पड़ी।

सांसद ने की लाठी चार्ज की निन्दा
अलवर में कलेक्ट्रेट गेट पर कल बुधवार को भाजपा विधायक संजय शर्मा, भाजपा कार्यकर्ताओं तथा मीडियाकर्मियों पर हुए लाठी चार्ज की अलवर सांसद महंत बालकनाथ योगी ने कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र की यह शर्मनाक तस्वीर है। जिसे किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। सांसद ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने बर्बरता पूर्वक लोकतंत्र की आवाज को पुलिस की लाठियों के माध्यम से दबाने का जो कुंठित प्रयास किया है, उसकी जितनी निंदा की जाए उतनी कम है। उन्होंने बताया कि जनता के हित और लोकतंत्र की सुरक्षा के लिए भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता कांग्रेस की तानाशाही सरकार से अंतिम क्षण तक लड़ता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *