ईंटों से भरी ट्रैक्टर की ट्राली पलटने से महिला श्रमिक की मौत, 2 घायल

Share:-

मृतका का शव पीएम कर परिजनो को सौंपा, दोनों घायलो का उपचार जारी

ब्यावर। जवाजा थाना क्षेत्र के कालिंजर गांव में शनिवार को एक बाइक को बचाने के चक्कर में ईंटों से भरी ट्रैक्टर की ट्राली पलट गई। हादसे में ट्राली सवार एक महिला मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला मजदूर घायल हो गई। वही सामने से आ रही बाइक भी तेज गति में होने के कारण ट्राली में जा घुसी। जिसके कारण बाइक चालक घायल हो गया। घायलों को उपचार के लिए राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय लाकर भर्ती करवाया गया जहां पर दोनों का उपचार जारी है। जवाजा थाना पुलिस ने मृतका के शव को राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय की मॉर्चुरी में रखवाया। जानकारी के अनुसार रोहिडा खेडा स्थित बाना ईंट उद्योग से शनिवार को ट्राली में ईंट भरकर एक ट्रैक्टर दो महिला मजदूरों कालिंजर निवासी पूजा पुत्री दिनेश सिंह रावत और सुमित्रा पत्नी दिनेश सिंह के साथ करला रोड पर खाली करने जा रहा था। इस दौरान कालिंजर गांव के पास सामने से आ रहे एक बाइक को बचाने के चक्कर में ट्रेक्टर चालक ने ब्रेक लगा दिए। जिसके कारण ईंटों से भरी ट्राली पलट गई। हादसे में सुमित्रा (40) पत्नी दिनेश सिंह की मौत हो गई, जबकि पूजा पुत्री दिनेश सिंह घायल हो गई। हादसे में बाइक सवार भी ट्राली से टकरा गया जिसके कारण बाइक सवार करला जवाजा निवासी प्रवीण पुत्र महेन्द्रसिंह रावत भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची जवाजा थाना पुलिस ने घायलों को उपचार हेतु एकेएच लाकर भर्ती करवाया। जबकि मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सुपुर्द किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *