गोगुंदा बस स्टैण्ड की घटना, बैंक से रुपए लेकर अस्पताल जा रही थी पीड़िता
उदयपुर, 19 दिसम्बर (ब्यूरो): जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र में बैंक से 50 हजार रुपए लेकर निकली एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के हाथ से एक बदमाश मंगलवार को पैसों से भरी थैली छीनकर भाग निकला। लोगों ने बदमाश का पीछा किया लेकिन वह उसे पकड़ नहीं पाए। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार सायरा की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लाली कुमारी पुत्री लक्ष्मण सिंह राजपूत मंगलवार सुबह गोगुंदा बस स्टेण्ड स्थित एसबीआई बैंक पहुंची। जहां उसने अपने खाते से 50 हजार रुपए निकाले थे। जहां से वह अस्पताल जाने के लिए निकली थी। बस स्टेण्ड पर वह पानी पीने के लिए हाथ धो रही थी कि इसी बीच पैदल आया बदमाश लाली के हाथ से रुपए से भरी थैली को छीनकर भाग निकला। उसके शोर मचाने पर लोगों ने उस बदमाश का पीछा भी किया लेकिन वह उसे पकड़ नहीं पाए। लाली ने बताया कि उसकी थैली में बैंक से निकाले पचास हजार रुपए के अलावा एक पर्स भी था, जिसमें उसके तीन हजार रुपए, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, मोबाइल सहित उसकी मां का जनआधार कार्ड, राशन कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज भी थे। घटना के बाद लाली ने गोगुंदा थाने में अज्ञात बदमाश के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस घटनास्थल तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है, ताकि बदमाश का पता लग पाए।
2023-12-19
