राजस्थान में कांग्रेस ने गुर्जरों का अपमान किया : मोदी – देवगढ़ में कांग्रेस पर बरसे प्रधानमंत्री मोदी

Share:-


राजसमंद,23 नवंबर(ब्यूरो) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जबसे मैंने मर्दों का प्रदेश वाला बयान सुना है, मैं अपना गुस्सा काबू नहीं कर पा रहा हूं। राजस्थान में गुर्जरों का जितना अपमान कांग्रेस ने किया है, वह किसी ने नहीं किया। राजेश पायलट के बेटे के लिए गद्दार, नकारा, निकम्मा जैसे शब्द उपयोग किए गए। मोदी राजस्थान में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन राजसमंद जिले के देवगढ़ में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
दूध से मक्खी की तरह निकाला : मोदी ने कहा कि एक गुर्जर समाज का बेटा राजनीति में जगह बनाने के लिए संघर्ष करता है, जान लगाता है और सत्ता मिलने के बाद शाही परिवार की शह पर उसे दूध से मक्खी की तरह निकाल कर फेंक दिया जाता है। राजेश पायलट के साथ भी यही किया और उनके बेटे के साथ भी यही कर रहे हैं। मैं यहां बैठकर बुजुर्ग कार्यकर्ता देरासरिया को देखकर नमन करता हूं और उन्हें देखिए।
बुजुर्ग को देख भावुक हुए मोदी : सभा को संबोधित करते हुए मोदी भावुक हो गए। उन्होंने भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ता धर्मचंद देरासरिया का नाम लेते हुए कहा कि 60 साल भाजपा के लिए खपाने वाले देरासरिया कार्यकर्ता के रूप में बैठे हैं। पूरे चुनावी अभियान को उनके आशीर्वाद से चार चांद लग गए हैं। 95 साल के देरासरिया 2008 में विधानसभा का चुनाव भी लड़ चुके हैं। गुरुवार को भी स्वास्थ्य सही नहीं होने के बाद भी वे पीएम मोदी की सभा में पहुंचे थे।
कांग्रेस नहीं दे रही जवाब : शाही (गांधी) परिवार पायलट के साथ बर्ताव पर चुप्पी साधे हुए है। मेरे बयान पर ऐसा तीर लगा कि पूरी कांग्रेस हिल गई। उन्हें पता था कि मोदी ने ऐसी गोली चलाई है कि वह बिना घाव के कांग्रेस का जीना मुश्किल कर देगी। कांग्रेस राजेश पायलट पर मेरे असली सवाल का जवाब नहीं दे रही है। कांग्रेस पूरी ताकत से झूठ बोल रही है कि शाही परिवार ने राजेश पायलट का अपमान नहीं किया। जो सवाल मैं उठाता हूं, उसका जवाब दो, क्यों बगले झांकते हो।
इलेक्शन कमीशन की इज्जत बढ़ाएं : मोदी ने कहा कि आज देवउठनी एकादशी है। बड़ी संख्या में शादियां है, इसीलिए इलेक्शन कमीशन ने अपना फैसला बदलते हुए चुनाव की तारीख 25 नवंबर कर दी है। आप ज्यादा मतदान करके इलेक्शन कमीशन की इज्जत बढ़ाएं और पिछले चुनाव से ज्यादा वोटिंग करें। इससे इलेक्शन कमीशन की हिम्मत बढ़ जाएगी।
गहलोत जी, कोनी मिले वोट जी… पीएम मोदी ने मारवाड़ी भाषा में कहा कि गहलोत जी, कोनी मिले वोट जी… मैं राजस्थान में जहां भी गया हूं, वहां एक ही बात सुनाई देती है। गहलोत जी, कोनी मिले वोट जी। इस चुनाव की एक खास बात और है। राजस्थान के इस चुनाव में माता-बहनों और बेटियों ने भी झंडा उठा लिया है। मैं देखता ही रह गया। राजस्थान की महिलाएं कांग्रेस सरकार को एक पल के लिए भी बर्दाश्त करने को तैयार नहीं है।
महिला विरोधी सरकार : राजस्थान ने आज तक इससे बड़ी महिला विरोधी सरकार नहीं देखी है। मैं डंके की चोट पर कह रहा हूं। देवउठनी एकादशी पर देवगढ़ में कह रहा हूं। मेरे शब्द याद रखना। अब राजस्थान में कभी भी अशोक गहलोत की सरकार की वापसी नहीं होगी। मोदी ने कहा कि कांग्रेस के सीएम महिलाओं पर रेप के झूठे मामले दर्ज कराने का आरोप लगाते हैं। मेरा देश तो चरित्र के लिए जोहर करने निकल जाता है। इससे बड़ा गंभीर आरोप हमारी माताओं-बहनों पर नहीं हो सकता। हमारे संस्कार, संस्कृति और परंपरा पर इससे बड़ा आरोप नहीं हो सकता। जिन्होंने ऐसा आरोप लगाया है, ये चुनाव उन्हें सजा देने का चुनाव है। आपके एक वोट में उन्हें सजा देने की ताकत है। गहलोत जी के सबसे करीबी मंत्री कहते हैं कि राजस्थान मर्दों का प्रदेश है, इसलिए महिला अत्याचार को वे वाजिब बताते हैं। जिस दिन से मैंने यह सुना है, मैं मेरे गुस्से को काबू में नहीं रख पाया हूं। ये हमारे देश की मर्दानगी का अपमान है। क्या राजस्थान का पानी ये बात ऐसे ही सुनकर सह सकते हैं?
तेजस विमान पच नहीं रहा : पीएम मोदी ने कहा आजादी के बाद जो देश का पहला बड़ा घोटाला हुआ, वो भी हमारे देश के वीर जवानों के लिए खरीदी में हुआ। इन्होंने उसमें से भी कटकी कर ली थी। बोफोर्स घोटाले को भी ये देश कभी नहीं भूल सकता। कांग्रेस ने सबमरीन, हेलिकॉप्टर, जल, थल, आकाश में कांग्रेस का पंजा एक ही काम करता है, लूटो। यदि ये कांग्रेस सरकार 2014 में नहीं गई होती तो हमारे तेजस फाइटर प्लेन भी कागजों पर रह जाते। वे देश के जवानों को नहीं मिलते। कांग्रेस कभी नहीं चाहती थी कि तेजस अपनी उड़ान भरे। इस बहाने वह बड़ा घोटाला करने की फिराक में बैठी थी। बाहर से लाएंगे, कट लेंगे और पीढ़ी दर पीढ़ी खाते जाएंगे।
हम टूरिज्म में नंबर वन बनाएंगे : कांग्रेस ने राजस्थान को दंगों में नंबर वन बनाया। तीज-त्योहारों पर कर्फ्यू में नंबर वन बनाया। अपराध में नंबर वन बनाया। भ्रष्टाचार में टॉप पर पहुंचाया। राज्य को पेपर लीक में नंबर वन बनाया। भाजपा टूरिज्म, तीर्थ यात्रा, निवेश, शिक्षा, खेल, उद्योगों के मामले में अग्रणी बनाएगी।
अच्छे काम को आगे बढ़ाएंगे : पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस सरकार जब यहां बनी थी तो उसने भाजपा की अच्छी योजनाओं पर ताला लगा दिया। 3 दिसंबर को भाजपा सरकार बनेगी तो यदि किसी योजना ने सच्चे अर्थ में जनकल्याण का काम किया है, अच्छी बात है तो मोदी उसे आगे बढ़ाने के पक्ष में रहता है। राजस्थान में भी जो अच्छा होगा, उसे आगे बढ़ाया जाएगा। ये मेरा आपको भरोसा है। उसमें भ्रष्टाचार के लिए जो खिडक़ी रखी होंगी, वो मैं बंद कर दूंगा। आप यह याद रखिएगा कि जहां कांग्रेस से उम्मीद खत्म होती है, वहां से मोदी की गारंटी शुरू होती है।
भगवान राम का घर बन रहा : पीएम ने कहा कि मुझे जीवन में बड़ा संतोष है कि भगवान राम का घर बन रहा है तो 4 करोड़ गरीब परिवार का घर भी बन रहा है। मोदी ने अपना घर नहीं बनाया। कांग्रेस नेताओं ने आपके पैसे लूटकर अपने बंगले बनवाए हैं।

नाथद्वारा में अमित शाह का रोड-शो
भाजपा प्रत्याशी विश्वराज सिंह मेवाड़ के समर्थन में मांगे वोट
राजसमंद,23 नवंबर (ब्यूरो) : जिले की नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी विश्वराज सिंह मेवाड़ के समर्थन में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह रोड शो किया। खुले वाहन में केंद्रीय गृहमंत्री के साथ पूर्व राजपरिवार के सदस्य और भाजपा प्रत्याशी भी हैं। राजसमंद के नाथद्वारा शहर की गलियों से गुजरते रोड शो को देखने लोगों की भीड़ जुट गई। अमित शाह ने मेवाड़ी पगड़ी बांधी थी। उन्होंने दोनों तरफ हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया।
नाथद्वारा विधानसभा सीट से स्पीकर सीपी जोशी कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। इस सीट पर जोशी पांच बार विधायक का चुनाव जीत चुके हैं। ऐसे में भाजपा नाथद्वारा सीट को जीतने के लिए पूरा दम-खम लगा रही है।

मुकाबला रोचक : गुरुवार को राजसमंद के देवगढ़ में पीएम मोदी ने भी जनसभा को संबोधित किया था। इसके कुछ घंटे बाद ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नाथद्वारा पहुंचे। भाजपा और कांग्रेस ने राजसमंद में प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। इससे यहां सभी सीटों पर मुकाबला रोचक हो गया है।
आदिवासी वोट निर्णायक : नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र में महाराणा प्रताप की युद्ध स्थली हल्दीघाटी है। इस युद्ध में यहां के भील आदिवासियों का पूरा सहयोग रहा था। यहां के चुनाव में आदिवासी समाज के वोटर का बड़ा योगदान रहता है। ऐसे में दोनों प्रमुख दल आदिवासी वोट बैंक को भी साध रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *