जुरहरा में धू-धू कर जला 50 फीट ऊंचाई का रावण का पुतला

Share:-


जुरहरा: बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में मनाए जाने वाला दशहरा का त्यौहार मंगलवार की जुरहरा कस्बे में हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। दशहरा पर्व के अवसर पर घर-घर में पकवान बनाकर दशहरा की पूजा की गई। वहीं कस्बे के पुलिस थाने के पास स्थित अस्थाई दशहरा मैदान में 50 फीट ऊंचाई के रावण के पुतले का दहन किया गया। इससे पूर्व करीब आधा दर्जन झांकियों के साथ कस्बे में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में शामिल भगवान राम-लक्ष्मण, सीता व रावण सहित अन्य झांकियां मेले की शोभा बढ़ा रही थीं। मेला मैदान में दशहरा पर्व के अवसर पर सुबह से ही हजारों की संख्या में भीड़ एकत्रित हो गई। शाम समय करीब 6:00 बजे मुहूर्त के अनुसार रावण के पुतले का दहन किया गया। वहीं इससे पूर्व अस्थाई दशहरा मैदान में भगवान राम व रावण की सेना के मध्य युद्ध की लीला का मंचन रामायण की चौपाइयों के आधार पर किया गया। गौरतलब है कि जुरहरा का दशहरा मेला क्षेत्र में काफी प्रसिद्ध है जिसमें जुरहरा कस्बा सहित ग्रामीण अंचल से हजारों की संख्या में लोग मेले में शामिल होते हैं। मान्यता रही है कि जुरहरा में फूंके जाने वाले रावण के पुतले की ऊंचाई जिले में सबसे ऊंची रहती है और जुरहरा का दशहरा मेला काफी लंबे समय से अनवरत चलता रहा है जिसकी प्रसिद्धि दूर-दूर तक फैली हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *