कांग्रेस सरकार को भगवा से नफरत: जोशी

Share:-


भाजपा के जनाक्रोश महाघेराव में उमड़े कार्यकर्ता, बैरिकेड पर चढ़े, पुलिस से उलझे, नेताओं ने कांग्रेस शासन को कोसा
जोधपुर। भाजपा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि वर्तमान में राजस्थान की कांग्रेस सरकार को भगवा से नफरत हो गई है। भाजपा जहां जाति धर्म को छोड़कर सभी को साथ लेने का प्रयास करती है वहीं प्रदेश की कांग्रेस सरकार को अगर कोई भगवा ध्वज का उपयोग करता नजर आ जाए तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने से भी नहीं चूकते लेकिन भाजपा कार्यकर्ता भगवा से नफरत करने वालों को नहीं बख्शेगा। वे आज यहां कलेक्ट्रेट के बाहर भारतीय जनता पार्टी जोधपुर शहर जिला, जोधपुर देहात उत्तर एवं दक्षिण के संयुक्त तत्वावधान में राज्य की कांग्रेस सरकार के कुशासन एवं बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर आयोजित जनाक्रोश महाघेराव सभा को संबोधित कर रहे थे। प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार जोधपुर आए सीपी जोशी के सामने भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। सभा के कार्यकर्ताओं का सैलाब उमड़ पड़ा। वे कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए वहां लगाए गए बैरिकेड पर चढ़ गए और पुलिस से भी उलझे।
जनाक्रोश महाघेराव सभा को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि इन दिनों कांग्रेस को चुनाव नजदीक आते ही फिर से भगवान राम भी याद आ रहे हैं जो सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा पेश कर खुद राम को काल्पनिक बता चुके हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान की सरकार पीएफआई जैसे प्रतिबंधित संगठन को रैली निकालने की अनुमति देती है लेकिन रामनवमी और नव वर्ष के आयोजन के लिए अनुमति नहीं देती। उन्होंने कार्यकर्ताओं व आमजन से आह्वान किया कि इस कांग्रेस सरकार को आगामी चुनाव में उखाड़ फेंककर एक इतिहास रचना है जिससे कि ये आगामी 50 साल तक वापस उठकर नहीं आए। उन्होंने कहा कि आज इस महाघेराव कार्यक्रम में जनता को मारवाड़ के रणबंका राठौड़ों के इतिहास को बरकरार रखना है और इस बारे में उनको नया इतिहास रचना पड़ेगा। मारवाड़ का इतिहास गौरवशाली है और वह नमनशाली है। मारवाड़ के पूर्व शासकों ने चाहे मुस्लिम शासकों का शासन हो या अंग्रेजों का, उसका जमकर मुकाबला किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता, किसान और युवा वादाखिलाफी करने वाली सरकारों के खिलाफ हमेशा बगावत का रूख अपनाया और उनको सबक सिखाया। कांग्रेस ने सत्ता में आने के लिए किसानों के कर्जामाफी का आह्वान किया था लेकिन कर्जा माफी नहीं कर धोखाधड़ी की। कांग्रेस ने युवाओं को भी धोखा दिया। प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने से उनका भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है।

सीएम को सपने में भी मेरा भूत नजर आता है: शेखावत
महाघेराव को संबोधित करते हुए केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत इन दिनों भाषण भी रिपीट कर रहे हैं। अपने भाषण में तीस प्रतिशत हिस्सा तो मेरे ऊपर ही फोकस करते हैं। रात को सोते हैं तो भी मेरा ही भूत आता है। सुबह उठकर हर कार्यक्रम में मेरे ही बारे में बात करते हैं। गौरतलब है कि सीएम गहलोत पिछले कई समय से संजीवनी क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी घोटाले को लेकर केंद्रीय मंत्री शेखावत पर लगातार हमलावर बने हुए हैं। केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि एक दिन पहले ही सीएम गहलोत ने बदमाशों और गैंगस्टर्स को चेतावनी दी और कहा कि इनको नेस्तनाबूद कर देंगे लेकिन अब तो टाइम राजस्थान सरकार के नेस्तनाबूद होने का आया है। शेखावत ने कहा कि राज्य सरकार ने राजस्थान के लोगों को आयुष्मान योजना से महरूम कर दिया। जल जीवन मिशन में प्रगति के मामले में राजस्थान सबसे निचले पायदान पर है। उन्होंने कांग्रेस की जन विरोधी एकतरफा मानसिकता के चलते प्रदेश में बिगड़ रहे हालात को लेकर आम जनता को आग्रह किया कि कानून व्यवस्था को विकास के लिए आगामी चुनावों में भाजपा उम्मीदवारों को जिताकर सशक्त सरकार बनाने में सहयोग करें। सभा को केन्द्रीय राज्य मंत्री कैलाश चौधरी, पाली सांसद पीपी चौधरी, राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत, पूर्व सांसद जसवंतसिंह विश्नोई, पूर्व विधायक जोगाराम पटेल, बाबूसिंह राठौड़, कमसा मेघवाल, भैराराम सियोल, पूर्व सांसद नारायणलाल पंचारिया, पूर्व सांसद रामनारायण डूडी, प्रभारी मंत्री वासुदेव देवनानी, संगठन मंत्री भजनलाल शर्मा और अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। इन नेताओं ने आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भाजपा को मत एवं समर्थन देकर विजयी बनाने का आह्वान किया।

दीवार पर ज्ञापन चस्पा किया
सभा के बाद बीजेपी का एक प्रतिनिधि मंडल प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर पहुंचे और जिला कलेक्टर से बाहर आकर ज्ञापन लेने की मांग करने लगे लेकिन जिला कलेक्टर बाहर नहीं आए और अंदर ही ज्ञापन लेने पर अड़े रहे। काफी देर तक इंतजार करने के बाद भाजपा पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट की दीवार पर ही ज्ञापन चस्पा कर दिया और लौट गए।

संजीवनी मामले में मुख्यमंत्री को नहीं बनना चाहिए पार्टी: जोशी
इससे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने जोधपुर पहुंचने पर एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि संजीवनी मामले में मुख्यमंत्री को पार्टी नहीं बनना चाहिए। साथ ही उन्होंने कांग्रेस की अंदरुनी खींचतान पर भी निशाना साधा। जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पूरे प्रदेश के सीएम हैं। उन्हें संजीवनी मामले पर बयानबाजी कर पार्टी नहीं बनना चाहिए। न्यायालय में जांच होगी और उसके बाद निर्णय होगा। चुनाव में जो हुआ उसका बदला लेने से अच्छा है, उसे भूल जाना चाहिए। इस प्रकार पार्टी नहीं बनना चाहिए। जोशी ने कहा कि भाजपा में अगर मुख्यमंत्री के दावेदार अगर ज्यादा हैं तो इसमें बुराई नहीं है। हमारे नेता जनाधार वाले हैं और अपनी मांग सबको रखनी चाहिए। कांग्रेस में तो मुख्यमंत्री के दावेदारों को नाकारा और निकम्मा कह कर भगा देते हैं। जोशी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार जो वादे करके सत्ता में आई, उन्हें पूरा नहीं किया। अब तो खुद सीएम के सलाहकार, विधायक और मंत्री कह रहे हैं कि जो वादे किए वे पूरे नहीं हुए।

स्वागत में निकाली बाइक रैली
भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष जोशी के स्वागत में एयरपोर्ट से सर्किट हाउस तक वाहन रैली निकालकर स्वागत किया। इससे पहले एयरपोर्ट पर कई भाजपा नेताओं ने उनकी अगुवाई की। जोशी का साफा ब्रिगेड ने अपने अंदाज में स्वागत किया। भाजपा नेता नथमल पालीवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केसरिया साफा पहने और हाथों में भारतीय जनता पार्टी का ध्वज लिए एक लंबी मानव श्रृंखला बनाकर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *