JAIPUR NEWS:निगम के पार्कों से टाइल्स, लाइट, पौधे गायब, झूले व कुर्सियों कबाड़ में तब्दील

Share:-


-मानसरोवर के टेगोर पार्क को बदमाशों ने तोड़ा, 6 महीने बाद भी हाल जस के तस
जयपुर, 8 अप्रैल (ब्यूरो): शहर के विकास और सौंदर्यीकरण में नगर निगमों की महत्त्व पूर्ण भूमिका होती हैं। मगर हैरिटेज और ग्रेटर नगर निगम की वर्तमान कार्यशैली इसके विपरीत नजर आ रही हैं। हम बात कर रहे है नगर निगम के संधारित पार्कों की। दोनों नगर निगमों के क्षेत्र में करीब 1050 पार्क हैं। जिन्हें नगर निगम डवलप यानी विकसित पार्क के श्रेणी में मानता हैं। जबकि इसके दुगुने पार्क नगर निगम के रिकॉर्ड में अनडवलप हैं। जिन्हें डवलप करने की कोई योजना नहीं हैं। वहीं निगम के डवलप पार्क भी रखरखाव के अभाव में अब अनडवलप होते जा रहे हैं। बीते तीन साल से दोनों नगर निगमों की उद्यान शाखा ने पार्कों की दशा सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इन पार्कों में न अच्छी किस्म के छायादार व फलदार पौधे है और न ही यहां फुलवारी हैं। बच्चों के लिए लगे झूले टूट गए हैं। ट्रैकिंग पथ से टाइल्स गायब हैं। लाइटों के तार खुले हैं, तो कुछ पार्कों में लाइटें ही नहीं हैं। इसके अलावा पार्क अंदर चारदीवारी आस-पास कचरा भरा हुआ हैं। कुर्सियां टूटी हुई हैं। इस बदहाली के कारण लोगों ने निगम के पार्कों में आना बंद कर दिया हैं। जबकि हर साल नगर निगक पार्कों के संधारण पर करोड़ों रुपए खर्च करता हैं।
मानसरोवर के पार्कों से टाइलें गायब :
मानसरोवर के वार्ड 76 स्थित टेगोर पार्क के ट्रैक और फाउंटेंन की बदमाश टाइलें उखाड़ कर ले गए हैं। इस घटना को 6 महीने से अधिक समय हो गया हैं। इस संबंध में पार्षद शक्तिप्रकाश यादव ने निगम के अफसरों को कई बार अवगत करवाया। मगर जोन कार्यालय से लेकर मुख्यालय तक किसी ने ध्यान नहीं दिया। अब हालात यह है पार्क में लोगों ने आना बंद कर दिया हैं। पार्षद ने बताया कि तीन दिन तक कुछ लोग पार्क की टाइलें तोड़ते रहे। स्थानीय लोगों को लगा कि नगर निगम की और से कोई ठेकेदार काम करवा रहा हैं। इसलिए किसी ने टोका नहीं।

फैक्ट फाइल :
ग्रेटर नगर निगम के 150 वार्डों में करीब 850 पार्क हैं।
हैरिटेज नगर निगम के 100 वार्डों में लगभग 200 पार्क हैं।

इनका कहना –
ग्रेटर नगर निगम उद्यान उपायुक्त रवींद्र सिंह ने बताया कि हर साल नगर निगम पार्कों के रखरखाव के लिए टेंडर निकालता हैं। जिसके तहत पेड़-पौधों को पानी देना, साफ-सफाई रखना सहित अन्य काम शामिल हैं। कुछ पार्कों को असामाजिक तत्व नुकसान पहुंचाते हैं। जैसे सूचना मिलती है, उन्हें ठीक करवाते हैं। मानसरोवर के टेगोर पार्क को जल्द दुरस्त किया जाएगा।
-हैरिटेज नगर निगम उद्यान उपायुक्त आशीष कुमार ने बताया कि निगम क्षेत्र में करीब 200 पार्क हैं। अधिंकाश पार्क ठीक हाल में हैं। गर्मी के मौसम में इनकी देखरेख के लिए स्पेशल निर्देश लिए गए हैं।

समाजसेवी संस्थाओं के भरोसे पार्क :
हर साल बारिश के मौसम में समाजसेवी संस्थाएं और आमजन पार्कों में पौधरोपण करते हैं। सैकड़ों की तादाद में पौधे लगाए जाते हैं। जो मेंटिनेंस के अभाव में चार महीने भी नहीं टिक पाते हैं। इधर, नगर निगम प्रशासन भी पार्कों में पौधे लगाने से बचता है और समाजसेवी संस्थाओं के पौधरोपण का क्रेडिट लेकर बैठ जाता हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *