मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने धौलपुर जिले को दी सौगात,विधायक मलिंगा व बैरवा ने बनाई कार्यक्रम से दूरी

Share:-

वीसी के माध्यम से कालीतीर परियोजना का किया शिलान्यास

धौलपुर । मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने फिर एक बार धौलपुर जिले को बड़ी सौगात दी है। जिससे अब धौलपुर जिले के कई क्षेत्रों में आम जनता को पानी की समस्या से निजात मिल सकेगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कालीतीर लिफ्ट परियोजना सहित अन्य परियोजनाओ का बुधवार को वीसी के माध्यम से शिलान्यास किया।
राजाखेड़ा पंचायत समिति परिषर में आयोजित हुए शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जयपुर से वीसी के माध्यम से जुड़े। जिसमें राजाखेड़ा विधायक रोहित बोहरा, धौलपुर विधायिका शोभारानी कुशवाहा, धौलपुर जिला कलेक्टर अनिल अग्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारी वीसी के माध्यम से सीधे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से जुड़े।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कालीतीर लिफ्ट परियोजना, मिठावली एनीकट व सिलावट गांव में उटंगन नदी पर बने एनीकट का शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि कालीतीर लिफ्ट परियोजना से धौलपुर जिले को नई दिशा मिलेगी, राजाखेड़ा, बाड़ी, बसेड़ी क्षेत्र के लोगों को अब पानी की समस्या से छुटकारा मिल सकेगा। साथ ही कहा कि इन क्षेत्रों में सिंचाई हो या पेयजल के लिए पानी इन समस्याओं का सामना हमेशा करना पड़ा है, अब हमें खुशी हो रही है कि इस समस्या से वहां के किसान व जनता को छुटकारा मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि ये समस्या पिछले लंबे समय से क्षेत्र में बड़ी समस्या बनी हुई थी। जिस पर कार्य करते हुए हमारा लक्ष्य था कि परियोजना का लाभ शीघ्र लोगों को मिले।
साथ ही कहा कि हम ERCP को भी आगे बढ़ाएंगे, चंबल बाढ़ के पानी का भी सही तरह से उपयोग किया जाएगा।

कार्यक्रम में विधायक रोहित बोहरा ने कहा कि राजाखेड़ा क्षेत्र लंबे समय से पेयजल व सिंचाई के लिए पानी के लिए जूझता आया है। कालीतीर परियोजना, मिठावली एनीकट व सिलावट एनीकट बनने से नदी में सालभर पानी रहेगा, जिससे यहां के किसानों को फसल के लिए 12 महीने पानी मिल सकेगा। साथ ही उत्तरप्रदेश की सीमा पर नदी से लगे गांव भी इससे लाभान्वित हो सकेंगे। यह सौगात क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात है।

कार्यक्रम को विधायक शोभारानी कुशवाहा ने सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के द्वारा कालीतीर लिफ्ट परियोजना का श्रीगणेश किया है। जिससे अब जिले को नई दिशा मिलेगी, मुख्यमंत्री ने 5 वर्षों में प्रदेश की जनता के हित में कार्य किए हैं।

विधायक मलिंगा और बैरवा की अनुपस्थिति रही चर्चा का विषय

काली तीर योजना को लेकर विधायकों में श्रेय लेने की होड़ मची हुई है। इसे लेकर कांग्रेस के ही विधायकों के बीच पिछले 2-3 दिन से शब्द बाणों का दौर चल रहा है। वही आज मुख्यमंत्री के शिलान्यास समारोह में बाड़ी विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा और बसेड़ी विधायक खिलाड़ी लाल बैरवा नहीं पहुंचे, जो लोगों में चर्चा का विषय बना रहा।
कार्यक्रम में जिला प्रमुख प्रतिनिधि अजयपाल सिंह, कॉंग्रेस कमेटी के अध्यक्ष साकेत विहारी, प्रधान प्रतिनिधि राजकुमार तौमर, चेयरमैन वीरेन्द्र सिंह जादौन, एसडीएम देवीसिंह, विकास अधिकारी राकेश सिंघल, नगरपालिका ईओ रतन सिंह, सहित सैकड़ो की संख्या में महिला पुरुष मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *