-प्रदेश में दो दिन बाद मौसम बदलने की चेतावनी
जयपुर, 12 अक्टूबर (ब्यूरो): राज्य में मानसून की विदाई के बाद मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। पिछले दिनों से तापमान में हो रही बढ़ोतरी के बीच जहां अब दिन में धूप लोगों को झुलसा रही है वहीं रात में सर्दी का अहसास बढ़ गया है। इसके साथ ही रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही। वहीं दूसरी तरफ प्रदेश में दो दिन बाद मौसम बदलने की चेतावनी जारी की गई है। जिसके बाद मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक राज्य में 15 अक्टूबर के बाद बरसात के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने की वजह से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इसके कारण बीकानेर, हनुमानगढ़, अजमेर, जोधपुर, श्रीगंगानगर में बारिश की संभावना है। इनके अलावा भी कई जिलों में 16 और 17 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ के चलते बरसात हो सकती है। इसमें 15 अक्टूबर को पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों तथा बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़ के कुछ भागों में दोपहर बाद कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं 16-17 अक्टूबर को विक्षोभ का प्रभाव सर्वाधिक रहने तथा जोधपुर, बीकानेर, अजमेर और जयपुर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। वहीं 18 अक्टूबर को भी राज्य के उत्तरी व पूर्वी भागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के कारण रात के पारे में गिरावट शुरू हो गई है। इसके चलते गत रात्रि सीकर, हनुमानगढ़, फतेहपुर समेत कई शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। इससे यहां लोगों को हल्की सर्दी महसूस हुई। इस दौरान सबसे कम तापमान सीकर के फतेहपुर में 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सीकर में भी रात का पारा 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। हनुमानगढ़, उदयपुर, पिलानी, करौली में भी न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।
जयपुर में पारा 35.5 डिग्री
राजधानी में भी इन दिनों दिन में धूप लोगों को खासी परेशान कर रही है। हाल यह है कि दोपहर के समय तो लोगों को धूप में निकलना भी मुश्किल हो जाता है। इसके कारण बाजारों में भी चहल-पहल कम नजर आती है। वहीं शाम ढले हवा चलने के बाद रात होते ही सर्दी का अहसास बढ़ जाता है। इसमें भी ज्यादा परेशान देर रात घर से बाहर रहने वालों को होती है। राजधानी में गुरुवार को अधिकतम तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी के बाद पारा 35.5 डिग्री तथा रात के पारे में गिरावट के साथ तापमान 22.5 डिग्री दर्ज किया गया है।
2023-10-12